पहले चरण में  होगा जनमत का संग्राम: 18 जिलों की 121 सीटों पर मतदाता करेंगे भाग्य का फैसला

पटना,  (TWM News):
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण का मतदान  सुबह 7 बजे से शुरू । राज्य के 18 जिलों की कुल 121 विधानसभा सीटों पर मतदाता अपने पसंदीदा प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। चुनाव आयोग ने मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतज़ाम किए हैं। अधिकांश क्षेत्रों में मतदान का समय शाम 6 बजे तक रहेगा, जबकि कुछ संवेदनशील इलाकों में यह शाम 5 बजे तक सीमित किया गया है।

चुनाव आयोग के अनुसार, सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर और महिषी, मुंगेर के तारापुर और जमालपुर, तथा लखीसराय के सूर्यगढ़ा विधानसभा क्षेत्र के 56 बूथों पर वोटिंग एक घंटे पहले यानी शाम 5 बजे तक ही संपन्न हो जाएगी। हालांकि सूर्यगढ़ा के अन्य बूथों पर मतदाता शाम 6 बजे तक अपने वोट डाल सकेंगे।

पहले चरण में कुल 3 करोड़ 75 लाख 13 हजार 302 मतदाता मतदान करेंगे। इनमें 1 करोड़ 98 लाख 35 हजार पुरुष, 1 करोड़ 76 लाख 77 हजार महिलाएं और 758 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। चुनाव आयोग ने इस चरण के लिए राज्यभर में 45,341 मतदान केंद्र स्थापित किए हैं, जिनमें 45,324 मुख्य बूथ और 17 सहायक बूथ शामिल हैं।

दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर

पहले चरण की वोटिंग में कई बड़े नेताओं की किस्मत ईवीएम में बंद होगी। महागठबंधन की ओर से तेजस्वी यादव, एनडीए की ओर से उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव, और भोजपुरी सिनेमा के लोकप्रिय चेहरे खेसारी लाल यादव चुनावी मैदान में हैं। वहीं लोकगायिका मैथिली ठाकुर दरभंगा के अलीनगर से अपनी किस्मत आजमा रही हैं।

कहां-कहां डाले जा रहे वोट

पहले चरण के तहत पटना, भोजपुर, बक्सर, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, समस्तीपुर, मधेपुरा, सहरसा, खगड़िया, बेगूसराय, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा और नालंदा जिलों की सीटों पर मतदान हो रहा है।

राजधानी पटना की सीटों में बाढ़, मनेर, दीघा, फुलवारी शरीफ (एससी), पालीगंज, और बख्तियारपुर जैसी सीटों पर मुकाबला बेहद दिलचस्प माना जा रहा है। वहीं दरभंगा, समस्तीपुर और वैशाली जैसे जिलों में भी त्रिकोणीय मुकाबले के आसार हैं।

पहले चरण से बनेगा रुझान का रास्ता

राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि पहले चरण का मतदान बिहार के राजनीतिक समीकरण को नई दिशा दे सकता है। यह चरण इस बात का संकेत देगा कि जनता मौजूदा सरकार के कामकाज से संतुष्ट है या परिवर्तन का मन बना चुकी है। सभी दलों ने इस फेज के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। अब नज़रें शाम तक आने वाले मतदान प्रतिशत और जनता के मूड पर टिकी हैं।

— रिपोर्ट: TWM News ब्यूरो, पटना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *