प्रधानमंत्री मोदी और जर्मन चांसलर मर्ज ने ‘अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव–2026’ का भव्य उद्घाटन किया
अहमदाबाद के साबरमती रिवरफ्रंट पर सोमवार को अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव-2026 का उदघाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने संयुक्त रूप से किया। यह कार्यक्रम उत्तरायण पर्व के अवसर पर आयोजित किया गया, जिसमें देश-विदेश के पतंग प्रेमियों ने भाग लिया।
सुबह की शुरुआत प्रधानमंत्री मोदी और चांसलर मर्ज की साबरमती आश्रम की दीवारों पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने से हुई, जहाँ दोनों ने गांधीजी को नमन किया और हृदय कुंज का दौरा कर खादी के उत्पादन की प्रक्रिया को भी देखा।
इसके बाद रिवरफ्रंट पर रंग-बिरंगी पतंगों के बीच दोनों नेताओं ने हाथ मिलाकर पतंग उड़ाई। खास क्षण तब आया जब पीएम मोदी और चांसलर मर्ज ने भगवान हनुमान की छवि वाली पतंग को आकाश में ऊँचा उठाया, जो भारतीय संस्कृति और उत्सव की भावना का प्रतीक रहा।
इस महोत्सव में 50 देशों के 135 अंतरराष्ट्रीय पतंगबाज़, भारत के 65 प्रमुख पतंगबाज़ और गुजरात के 871 स्थानीय प्रतिभागी शामिल हैं, जिन्होंने अपनी अनोखी पतंग-डिजाइनों के साथ समां रंगीन बनाया।
आयोजन स्थल पर पारंपरिक कला, पतंग निर्माण की लाइव प्रदर्शनियाँ तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मंच को और जीवंत बनाया। गुजरात पर्यटन विभाग के अनुसार महोत्सव में काइट म्यूज़ियम, कलाकारों के संगीत कार्यक्रम एवं स्थानीय लोक नृत्य भी प्रस्तुत किए गए।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर कहा कि यह कार्यक्रम न केवल परंपरा का उत्सव है, बल्कि भारत-दुनिया के बीच सांस्कृतिक मित्रता को भी दर्शाता है। उद्घाटन के पश्चात जर्मन चांसलर मर्ज अहमदाबाद से गांधीनगर में पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक के लिए रवाना होंगे, जहां विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा होगी।