प्रियंका गांधी का एनडीए पर वार : “एक करोड़ नौकरी का वादा सिर्फ चुनावी जुमला”

पटना : बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने शनिवार को एनडीए सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने हाल ही में जारी एनडीए के ‘संकल्प पत्र’ में किए गए एक करोड़ नौकरियों के वादे पर सवाल उठाते हुए इसे “चुनावी दिखावा” बताया।

पटना एयरपोर्ट के बाहर पत्रकारों से बातचीत में प्रियंका गांधी ने कहा, “अगर एक करोड़ नौकरियां देनी थीं तो अब तक क्यों नहीं दीं? चुनाव से ठीक पहले ऐसे वादे करना जनता को गुमराह करने जैसा है।”

प्रियंका गांधी इन दिनों बिहार में कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार कर रही हैं। शनिवार को वे बछवारा विधानसभा क्षेत्र में पार्टी उम्मीदवार गरीब दास के पक्ष में जनसभा करने पहुंचीं, जहां मुकाबला चार दलों के बीच त्रिकोणीय होता जा रहा है।

गौरतलब है कि एनडीए ने अपने संकल्प पत्र में बिहार में एक करोड़ सरकारी नौकरियों और रोजगार के अवसर सृजित करने का वादा किया है। इसके साथ ही हर जिले में मेगा स्किल सेंटर खोलने और राज्य को “ग्लोबल स्किल ट्रेनिंग सेंटर” के रूप में विकसित करने की घोषणा की गई है।

महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए गठबंधन ने ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ के तहत दो लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता देने का वादा भी किया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस संकल्प पत्र को “आत्मनिर्भर और विकसित बिहार” की रूपरेखा बताते हुए कहा था कि डबल इंजन की सरकार ने राज्य के सर्वांगीण विकास की दिशा में अभूतपूर्व काम किया है और यह रफ्तार आगे भी जारी रहेगी।

हालांकि, प्रियंका गांधी ने एनडीए के इन वादों को अविश्वसनीय बताया और कहा कि जनता अब “खोखले नारों” के बजाय ठोस काम चाहती है। उन्होंने कहा, “युवाओं को नौकरी की ज़रूरत है, वादों की नहीं। बिहार की जनता अब विकास के नाम पर छल नहीं सहेगी।”

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *