नीतीश कुमार ने जारी किया वीडियो संदेश, कहा – “बिहार को बदनाम राज्य से सम्मानित बनाया”
पटना : विधानसभा चुनाव के पहले चरण से महज पांच दिन पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को जनता के नाम एक वीडियो संदेश जारी किया। करीब चार मिनट के इस संदेश में उन्होंने अपनी सरकार की लगभग दो दशक की उपलब्धियों को गिनाया और विपक्ष, खासकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद), पर अप्रत्यक्ष प्रहार किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2005 में जब उन्होंने बिहार की बागडोर संभाली थी, तब “बिहारी” कहलाना एक तंज माना जाता था। उन्होंने कहा, “जब हमने काम संभाला था, तब कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब थी। हमने सबसे पहले उसी को सुधारने का काम किया। आज गर्व से कहा जा सकता है कि बिहार ने अपनी पहचान बदली है।”
नीतीश कुमार ने अपने शासन को समावेशी बताते हुए कहा कि उनकी सरकार ने सभी वर्गों—हिंदू, मुस्लिम, सवर्ण, पिछड़ा, अति पिछड़ा, दलित और महादलित—के लिए समान रूप से काम किया है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि उनकी राजनीति परिवारवाद पर नहीं, बल्कि जनसेवा पर आधारित है।
उन्होंने कहा, “पहली बार महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए ठोस कदम उठाए गए। आज महिलाएं आत्मनिर्भर हैं, परिवार चला रही हैं। हमने हर तबके के विकास के लिए काम किया है, अपने परिवार के लिए नहीं। आज ‘बिहारी’ कहलाना सम्मान की बात है।”
मुख्यमंत्री ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, स्वच्छ पेयजल, कृषि और युवा रोजगार जैसे क्षेत्रों में हुई प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि यह सब केंद्र सरकार के सहयोग से संभव हुआ है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि एनडीए की सरकारों के तालमेल से विकास की रफ्तार और तेज हुई है।
नीतीश कुमार ने मतदाताओं से अपील की कि वे एनडीए प्रत्याशियों को भारी बहुमत से जीत दिलाएं ताकि बिहार को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में लाया जा सके। उन्होंने कहा, “एक बार फिर अवसर दीजिए, हम बिहार को शीर्ष राज्यों में शामिल करेंगे।”
वीडियो संदेश के अंत में मुख्यमंत्री ने लोगों से 6 और 11 नवंबर को मतदान केंद्रों पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर लोकतंत्र के इस पर्व में भाग लेने की अपील की।
बिहार विधानसभा की 243 सीटों के लिए मतदान दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को होगा, जबकि सात राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की आठ सीटों पर उपचुनाव भी 11 नवंबर को होंगे। दोनों के नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।