राघोपुर में बहन मीसा भारती उतरीं मैदान में, छोटे भाई तेजस्वी के लिए मांगा आशीर्वाद और वोट

वैशाली। बिहार विधानसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच राघोपुर विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार को एक भावनात्मक नज़ारा देखने को मिला, जब राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सांसद मीसा भारती ने अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव के समर्थन में जनसंपर्क और रोड शो की शुरुआत की। रिमझिम बारिश के बीच मीसा भारती की कार राघोपुर के गांवों और गलियों से गुजरती रही, जहां लोग उनके स्वागत में उमड़ पड़े।

मीसा भारती महात्मा गांधी सेतु पार कर तेरसिया मोड़ पहुंचीं, जहां से उन्होंने सरायपुर और आसपास के इलाकों में जनसंपर्क अभियान चलाया। इसके बाद वे बिदूपुर प्रखंड के सैदपुर गणेश पंचायत में रोड शो के लिए रवाना हुईं। भीगते मौसम के बावजूद समर्थकों में उत्साह देखने लायक था।

जनता से संवाद के दौरान जब उनसे तेजस्वी यादव को लेकर कुछ शिकायतों का जिक्र किया गया, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा— “मैं लोगों के बीच घूम रही हूं, लेकिन अब तक किसी ने कोई शिकायत नहीं की। तेजस्वी लगातार राघोपुर में जनता से मिल रहे हैं, बाढ़ और बारिश की परवाह किए बिना लोग उन्हें आशीर्वाद दे रहे हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि राघोपुर की जनता केवल एक विधायक नहीं, बल्कि आने वाले मुख्यमंत्री को चुनने जा रही है। मीसा ने विश्वास जताया कि इस बार भी जनता तेजस्वी यादव पर भरोसा जताएगी।

महुआ सीट को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि “तेज प्रताप और तेजस्वी दोनों मेरे भाई हैं, दोनों के प्रति समान स्नेह है। मैं राजद की सांसद हूं, इसलिए संगठनात्मक सीमाएं हैं, पर एक बहन के नाते दोनों को शुभकामनाएं देती हूं।”

मीसा भारती के रोड शो के दौरान जगह-जगह महिलाओं ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। गांवों में ‘लालू परिवार ज़िंदाबाद’ और ‘तेजस्वी यादव आगे बढ़ो, हम तुम्हारे साथ हैं’ के नारे गूंजते रहे।

राजद की ओर से राघोपुर सीट को एक बार फिर से प्रतिष्ठा की लड़ाई माना जा रहा है, जहां तेजस्वी यादव अपनी परंपरागत सीट को बरकरार रखने के लिए पूरी ताकत झोंक चुके हैं। अब बहन मीसा भारती के मैदान में उतरने से चुनावी हवा और तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *