पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर राज्यभर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम

पटना, ब्यूरो रिपोर्ट।
भारत रत्न और देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती बुधवार को पूरे देश के साथ-साथ बिहार में भी श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। राजधानी पटना स्थित पाटलिपुत्र पार्क में आयोजित राजकीय समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अटल जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे शिखर पुरुष थे, जिनका जीवन राष्ट्रसेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों और समरसता को समर्पित रहा। उनके विचार और कार्य आज भी देश के लिए प्रेरणा स्रोत बने हुए हैं।

राजकीय जयंती समारोह में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी, विधायक सह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, विधायक संजीव चौरसिया, रत्नेश कुशवाहा, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ. उदय कांत मिश्रा, बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष नन्द किशोर यादव सहित कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इसके अलावा सामाजिक संगठनों, राजनीतिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने भी अटल जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। समारोह के दौरान सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के कलाकारों द्वारा आरती-पूजन, बिहार गीत और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी गई, जिससे वातावरण देशभक्ति और श्रद्धा से सराबोर हो गया।

उल्लेखनीय है कि अटल बिहारी वाजपेयी न केवल एक कुशल राजनेता थे, बल्कि एक संवेदनशील कवि और विचारशील चिंतक के रूप में भी उनकी अलग पहचान रही। उनकी स्मृति में आयोजित यह समारोह उनके योगदान को याद करने और आने वाली पीढ़ियों तक उनके आदर्शों को पहुंचाने का संदेश देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *