नितिन नवीन के रोड शो में उमड़ा जनसैलाब

पटना।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार अपने गृह राज्य बिहार पहुंचे नितिन नवीन का मंगलवार को पटना में भव्य रोड शो आयोजित किया गया। जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से शुरू हुआ यह रोड शो मिलर हाई स्कूल मैदान तक पहुंचा, जहां पार्टी कार्यालय स्थित है।

हवाई अड्डे पर पहुंचते ही नितिन नवीन का स्वागत बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने किया। इसके बाद फूलों से सजे वाहन पर सवार नितिन नवीन ने जनसमूह का अभिवादन किया। वाहन पर भाजपा के चुनाव चिह्न कमल के कटआउट भी लगाए गए थे।

रोड शो के दौरान सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। समर्थकों ने फूलों की वर्षा की और ‘भारत माता की जय’ के नारों से माहौल को जोशीला बना दिया। एयरपोर्ट से लेकर मिलर हाई स्कूल मैदान तक पोस्टर, बैनर और स्वागत मंच लगाए गए थे, जहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।

यह रोड शो शेखपुरा मोड़, राजवंशी नगर स्थित हनुमान मंदिर और इनकम टैक्स गोलंबर होते हुए मिलर हाई स्कूल मैदान पहुंचा। कार्यक्रम को देखते हुए राजधानी पटना में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता नीरज कुमार ने बताया कि मिलर हाई स्कूल मैदान में नितिन नवीन पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही उनके शाम में राजभवन जाकर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से मुलाकात करने की भी संभावना है। इसके बाद वे भाजपा प्रदेश कार्यालय में सांसदों, विधायकों, विधान परिषद सदस्यों और अन्य नेताओं के साथ बैठक करेंगे।

उल्लेखनीय है कि नितिन नवीन बैंकिपुर विधानसभा सीट से पांचवीं बार विधायक हैं। वे पहले भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं और छत्तीसगढ़ के पार्टी प्रभारी की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। 14 दिसंबर को उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।

नितिन नवीन, वरिष्ठ भाजपा नेता स्वर्गीय नवीन किशोर सिन्हा के पुत्र हैं। उन्होंने वर्ष 2006 में उपचुनाव जीतकर अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी। हाल के विधानसभा चुनाव में उन्होंने बैंकिपुर सीट पर करीब 52 हजार मतों के अंतर से जीत दर्ज कर अपनी मजबूत जनाधार को एक बार फिर साबित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *