राहुल गांधी का हमला: मोदी को बताया ‘कॉरपोरेट का औज़ार’, कहा – बिहार में ‘रिमोट से चल रही सरकार’, जीत पर तेजस्वी होंगे मुख्यमंत्री

दरभंगा |  TWM News
बिहार विधानसभा चुनाव का माहौल एक बार फिर गरमाने लगा है। छठ पर्व के बाद महागठबंधन ने अपने चुनावी तेवर तेज कर दिए हैं। बुधवार को दरभंगा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में आयोजित विशाल जनसभा में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने केंद्र और राज्य सरकार दोनों पर तीखा प्रहार किया।

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा निशाना साधते हुए कहा, “ये मत समझिए कि नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं, वे अंबानी और अडानी के औज़ार हैं। जीएसटी, नोटबंदी या ज़मीन हड़पने जैसे हर फैसले का फायदा सिर्फ उद्योगपतियों को मिला है, जनता को नहीं।”

कांग्रेस नेता ने नीतीश सरकार को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि बिहार की सरकार ‘रिमोट कंट्रोल’ से चलती है। उन्होंने कहा, “नीतीश कुमार सिर्फ नाम के मुख्यमंत्री हैं, असली सरकार दिल्ली से मोदी और अमित शाह चलाते हैं।”

राहुल गांधी ने मंच से पहली बार साफ-साफ ऐलान किया कि यदि महागठबंधन की सरकार बनती है, तो तेजस्वी यादव ही बिहार के मुख्यमंत्री होंगे। उन्होंने कहा कि आने वाली सरकार सभी वर्गों—दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक और किसानों—की होगी, न कि कुछ पूंजीपतियों की।

उधर, मंच पर मौजूद आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने भी गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा, “अमित शाह कहते हैं कि बिहार में कारखाने नहीं लग सकते क्योंकि ज़मीन नहीं है। जब लालू जी रेल मंत्री थे, तब बिहार में तीन-तीन फैक्ट्री लगी थीं। तब ज़मीन कहां से आई थी?”

तेजस्वी ने आगे कहा, “ये लोग बिहार में विकास नहीं, कब्जा करना चाहते हैं। हम साफ कहना चाहते हैं कि बिहार को कोई बाहरी नहीं, बल्कि बिहार का बेटा ही चलाएगा।”

दरभंगा की इस संयुक्त सभा में महागठबंधन के नेताओं ने एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की। भीड़ के उत्साह और नारेबाज़ी से माहौल चुनावी रंग में डूबा रहा। महागठबंधन के लिए यह रैली आने वाले चरणों के मतदान से पहले एक बड़ा शक्ति प्रदर्शन मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *