राजगीर को मिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, सीएम नीतीश ने किया उद्घाटन
नालंदा,
राजगीर की ऐतिहासिक धरती पर रविवार को एक नया अध्याय जुड़ गया, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बहुप्रतीक्षित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का विधिवत उद्घाटन किया। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री श्रवण कुमार, सुरेंद्र मेहता और जयंत राज समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
यह अत्याधुनिक स्टेडियम अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाया गया है, जिसमें लगभग 39 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था है। स्टेडियम का निर्माण कार्य बिहार सरकार के खेल विभाग की देखरेख में किया गया है, ताकि यहां न केवल राष्ट्रीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट मैच भी आयोजित किए जा सकें।
कार्यक्रम के दौरान खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता ने कहा कि बिहार ने खेल के क्षेत्र में लंबे समय तक पिछड़ने के बावजूद अब नई दिशा पकड़ी है। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पहल से बिहार अब खेल के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस स्टेडियम के तैयार होने से बिहार के युवा खिलाड़ियों को बेहतर मंच मिलेगा।”
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार की प्रतिभाओं को अब दूसरे राज्यों की ओर नहीं देखना पड़ेगा। उन्होंने कहा, “हमारी कोशिश है कि खेल और खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधा मिले। राजगीर स्टेडियम इसका प्रतीक है।”
राजगीर में बने इस स्टेडियम में अत्याधुनिक पवेलियन, फ्लडलाइट्स, प्रैक्टिस नेट, मीडिया सेंटर और आधुनिक ड्रेसिंग रूम की सुविधा दी गई है। स्टेडियम के उद्घाटन के साथ ही खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
स्थानीय लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अब उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मैचों का लुत्फ उठाने के लिए दूसरे राज्यों की यात्रा नहीं करनी पड़ेगी।
राजगीर का यह स्टेडियम बिहार को खेल मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम साबित होगा।