रक्षाबंधन पर बच्चों संग PM मोदी का स्नेहिल मिलन, सोशल मीडिया पर उमड़ा समर्थन

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अपने दिल्ली स्थित आवास पर रक्षाबंधन का त्योहार बच्चों के साथ मनाया। इस अवसर पर बच्चियों ने पीएम मोदी की कलाई पर राखी बांधी और उन्होंने बच्चों को आशीर्वाद व उपहार दिए। प्रधानमंत्री के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से इस मौके का वीडियो साझा होते ही इंटरनेट पर प्रशंसकों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई।

वीडियो में मोदी जी बच्चों से आत्मीय बातचीत करते और मुस्कुराते नजर आ रहे हैं। कई समर्थकों ने कमेंट करते हुए लिखा, “मोदीजी ने 2039 वोटर्स से मुलाकात कर ली,” तो किसी ने कहा, “मोदी जी जानते हैं ट्रेंड कैसे पकड़ना है।” एक यूज़र ने टिप्पणी की, “ऐसा नेता जो हर दिल को छू ले।”

रक्षाबंधन के दिन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भी राजधानी में अलग-अलग कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। राजनाथ सिंह ने ब्रह्माकुमारी संगठन की बहनों और स्कूली बच्चों से राखी बंधवाई, जबकि पीयूष गोयल ने वाणिज्य भवन में बच्चों को उपहार दिए।

इससे पहले पीएम मोदी ने देशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा था कि यह पर्व स्नेह, विश्वास और सुरक्षा के अटूट रिश्ते का प्रतीक है, जो परिवारों और समाज को मजबूती से जोड़ता है।

रक्षाबंधन का यह पर्व सदियों पुरानी भारतीय परंपरा में रचा-बसा है, जिसमें बहनें भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर स्नेह और सुरक्षा का वचन पाती हैं, जबकि भाई बदले में उपहार और संरक्षण का वचन देते हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *