रामपुर रेलवे कॉलोनी से हटेगा अवैध कब्जा, पूर्व रेलवे ने शुरू की सख्त कार्रवाई
जमालपुर में 4 जुलाई से चलेगा विशेष बेदखली अभियान, बिजली चोरी पर भी लगेगी लगाम

जमालपुर, 4 जुलाई।
पूर्व रेलवे प्रशासन ने जमालपुर की रामपुर रेलवे कॉलोनी में फैले अवैध कब्जों के खिलाफ सख्ती दिखाते हुए एक और विशेष अभियान शुरू करने की घोषणा की है। 4 जुलाई से शुरू हो रहे इस अभियान का उद्देश्य रेलवे की संपत्तियों को अवैध कब्जे से मुक्त कराना है।

जानकारी के अनुसार, रामपुर रेलवे कॉलोनी में कुल 815 क्वार्टर मौजूद हैं, जिनमें से कई खाली पड़े हैं। इनमें से कुछ क्वार्टर लंबे समय से जर्जर हालत में हैं और इन्हें रहने योग्य न मानते हुए ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया प्रारंभ की जा चुकी है। वहीं, कई ऐसे क्वार्टर्स पर गैर-रेलवे कर्मियों द्वारा अनाधिकृत रूप से कब्जा कर लिया गया है।

पूर्व रेलवे के वर्कशॉप प्रशासन द्वारा लगातार इन अवैध कब्जेदारों को नोटिस जारी कर क्षेत्र खाली करने को कहा गया था, लेकिन बेअसर रवैये के चलते अब रेलवे ने सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया है।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि वर्ष 2024 में भी दो बार बेदखली अभियान चलाया गया था, लेकिन समस्या पूरी तरह समाप्त नहीं हो सकी। इस बार विशेष निगरानी और कार्यवाही के साथ यह अभियान चलाया जाएगा ताकि स्थायी समाधान हो सके।

बिजली चोरी पर रोक के लिए एरियल बंच केबल्स
रेलवे कॉलोनी में बिजली चोरी को रोकने के लिए तकनीकी उपायों की शुरुआत भी की गई है। अब कॉलोनी में एरियल बंच केबल्स लगाए जा रहे हैं, जिससे अवैध रूप से बिजली कनेक्शन लेना लगभग असंभव हो जाएगा। इससे जहां ऊर्जा की हानि रुकेगी, वहीं सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।

रेलवे प्रशासन का मानना है कि इन सख्त कदमों से न केवल रेलवे की संपत्ति की रक्षा होगी, बल्कि कर्मचारियों को सुरक्षित और बेहतर आवासीय सुविधा भी मुहैया कराई जा सकेगी।

पूर्व रेलवे के प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि “अवैध कब्जेदारों को पहले भी कई बार चेतावनी दी जा चुकी है। अब रेलवे की जमीन पर केवल अधिकृत कर्मचारियों को ही रहने की अनुमति दी जाएगी।”

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, अभियान की शुरुआत 4 जुलाई से होगी और यह तब तक जारी रहेगा जब तक कॉलोनी को पूरी तरह अवैध कब्जे से मुक्त नहीं कर दिया जाता।


 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *