पटना

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मंगलवार को पटना पहुंचते ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जमकर निशाना साधा। दिल्ली से पटना लौटने के बाद तेजस्वी ने कहा कि भाजपा घबराई हुई है और सत्ता में आने के लिए उनके खिलाफ झूठे आरोप लगा रही है। उन्होंने कहा, “ये लोग सोचते हैं कि बदनाम करके सत्ता में आ सकते हैं, लेकिन उनका यह सपना कभी पूरा नहीं होगा।”

तेजस्वी यादव ने भाजपा द्वारा उन पर सरकारी आवास से सामान गायब करने के आरोपों को “हास्यास्पद” बताया। उन्होंने कहा, “यह आरोप सुनकर हंसी आती है। भाजपा डर के मारे ऐसी राजनीति कर रही है, जो पूरी तरह झूठी है। हमने हमेशा जो कहा, वह किया। हमने नौकरियां देने की बात की, तो नौकरियां दीं।”

‘ईडी-सीबीआई से कराएं जांच, हम तैयार हैं’

तेजस्वी ने भाजपा को खुली चुनौती दी कि वह जांच एजेंसियों को बुलाकर तथ्यों की जांच कराए। उन्होंने कहा, “ईडी और सीबीआई उनकी है, हम खुलेआम चुनौती देते हैं कि वे जांच कराएं। बिना प्रमाण के किसी पर भी आरोप लगाना सरासर गलत है। हमारे पास हर बात का वीडियो प्रमाण है।” तेजस्वी ने यह भी कहा कि जो लोग उनके खिलाफ चोरी का आरोप लगा रहे हैं, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। “हमने अपने वकील से बात की है, और जल्द ही उन्हें कानूनी नोटिस भेजा जाएगा।”

‘तेजस्वी की छवि खराब करने की साजिश’

भाजपा पर हमला बोलते हुए तेजस्वी ने कहा कि पार्टी उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रही है, लेकिन बिहार की जनता जानती है कि तेजस्वी कौन हैं और किस तरह की राजनीति करते हैं। “हम पढ़ाई, दवाई, कमाई की बात कर रहे हैं, और वे बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं। यदि हिम्मत है, तो भाजपा ईडी और सीबीआई से बंगले की जांच कराए, अन्यथा माफी मांगे।”

‘भाजपा कर रही है ओछी राजनीति’

तेजस्वी ने भाजपा की राजनीति को “ओछी” करार देते हुए कहा कि उनकी गैरमौजूदगी में उनके ऊपर आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, “बिना प्रमाण के आरोप लगाना भाजपा की पुरानी आदत है। मैं पटना में मौजूद नहीं था और आरोप लगाए जा रहे हैं कि मैंने सरकारी बंगले से सामान चुराया।” उन्होंने चेतावनी दी कि अगर भवन निर्माण विभाग इस मामले में चुप रहा, तो उन्हें भी अदालत में पार्टी बनाया जाएगा।

तेजस्वी यादव ने अपने समर्थकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे साकारात्मक राजनीति करना चाहते हैं और भाजपा के इस तरह के आरोपों से विचलित नहीं होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *