‘सच्ची गौ सेवा’ नाटक के मंचन से दिया पशु संरक्षण और सही आहार का संदेश, भावुक हुए दर्शक

समस्तीपुर। नाट्य संस्था बिन्नागुड़ी रंग अभिलाषा की ओर से 15 और 16 नवंबर 2026 को मोहनपुर स्थित बीआरबी कॉलेज, समस्तीपुर में नाटक ‘सच्ची गौ सेवा’ का मंचन किया गया। बिन्नागुड़ी रंग अभिलाषा सामूहिक द्वारा लिखित और बिकेश साह के निर्देशन में प्रस्तुत इस नाटक के माध्यम से गौ संरक्षण और पशुओं को उचित आहार देने का महत्वपूर्ण संदेश दिया गया।

नाटक में दिखाया गया कि भारतीय समाज में गाय को माता का दर्जा दिया जाता है, लेकिन कई बार लोग श्रद्धा और भावनाओं के बावजूद उनके खानपान और स्वास्थ्य का उचित ध्यान नहीं रखते। गलत खानपान और असंतुलित आहार के कारण गायें बीमारियों की चपेट में आ जाती हैं। कलाकारों ने अपने प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से गौ माता की पीड़ा और उनकी देखभाल से जुड़ी समस्याओं को मंच पर जीवंत किया। भावनात्मक दृश्यों को देखकर दर्शक भी भावुक हो उठे।

नाटक के जरिए यह संदेश दिया गया कि गौ सेवा केवल भावनाओं और श्रद्धा तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसके लिए सही जानकारी और समझ भी जरूरी है। गाय को केवल भोजन कराना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उसे पौष्टिक एवं उचित आहार देना ही सच्ची गौ सेवा है। कलाकारों ने समाज से अपील की कि गौ माता के स्वास्थ्य, सुरक्षा और उचित देखभाल के प्रति सभी लोग जागरूक हों।

मंच पर कलाकार: बिकेश शाह, राहुल कुमार, अमर कुमार, तन्नु प्रिया, संजू कुमार सहित अन्य कलाकारों ने अभिनय किया।

मंच के पीछे की टीम: परिकल्पना एवं निर्देशन – बिकेश साह, प्रकाश – नितेश शाह, संगीत – राहुल झा, वस्त्र विन्यास – रियाज।

इस प्रस्तुति में कपिला पशु आहार का सहयोग रहा। नाटक की प्रस्तुति बिन्नागुड़ी रंग अभिलाषा की ओर से की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *