झारखंड में NTPC प्लांट में बड़ा हादसा, निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट ढही; तीन मजदूरों की मौत, कई घायल

चतरा के उत्तरी कर्णपुरा सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट में मची अफरातफरी, मलबे में दबे मजदूरों को निकाला गया; तकनीकी खामी की आशंका

रांची। झारखंड के चतरा जिले में स्थित एनटीपीसी के उत्तरी कर्णपुरा सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। टंडवा स्थित पावर प्लांट परिसर में निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट का ढांचा अचानक भरभराकर गिर गया। इस दुर्घटना में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद परियोजना परिसर में अफरातफरी मच गई।

काम के दौरान अचानक ढहा ढांचा

जानकारी के अनुसार, दुर्घटना प्लांट के सीएचपी जेएच-1 क्षेत्र में हुई, जहां कन्वेयर बेल्ट के निर्माण का काम चल रहा था। इसी दौरान पूरा ढांचा अचानक नीचे गिर गया और वहां काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए। घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। चतरा के पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने तीन मजदूरों की मौत की पुष्टि की है।

तकनीकी खामी से हादसे की आशंका

प्रारंभिक जांच में निर्माणाधीन ढांचे के स्ट्रक्चरल डिजाइन में तकनीकी गड़बड़ी को दुर्घटना की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी। परियोजना का मुख्य निर्माण कार्य थायसन कंपनी को दिया गया था, जबकि आगे का काम सिम्पलेक्स कंपनी के माध्यम से कराया जा रहा था।

मलबे में फंसे मजदूरों का किया गया रेस्क्यू

हादसे के तुरंत बाद साथी मजदूरों और प्लांट प्रबंधन ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। मलबे में फंसे घायलों को बाहर निकालकर एनटीपीसी परिसर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद आक्रोशित मजदूरों ने परिसर में हंगामा भी किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया दुख

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए जिला प्रशासन को घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही प्रभावित परिवारों को हरसंभव प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराने को कहा।

घटना के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता और मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां हादसे की जांच में जुटी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *