छठ की छुट्टी में घर आए बिहार पुलिस के जवान ने पत्नी को मारी गोली, इलाज के दौरान मौत; आरोपी फरार

खगड़िया के मथुरापुर गांव की घटना, घरेलू विवाद में वारदात की आशंका; दो बच्चों के सिर से उठा मां का साया

खगड़िया। लोक आस्था के महापर्व छठ के बीच खगड़िया जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। भरतखंड थाना क्षेत्र के मथुरापुर (लोनियाचक) गांव में छुट्टी पर घर आए बिहार पुलिस के एक जवान ने कथित तौर पर अपनी पत्नी को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के लिए बेगूसराय ले जाने के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पति फरार हो गया है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

मृतका की पहचान 35 वर्षीय श्वेता कुमारी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति गौतम कुमार चौधरी गया जिला बल में तैनात है। शुक्रवार की देर शाम हुई इस वारदात के बाद गांव में अफरातफरी मच गई। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उस समय श्वेता खून से लथपथ हालत में पड़ी थीं। ग्रामीणों की मदद से उन्हें तत्काल इलाज के लिए बेगूसराय ले जाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।

15 साल पहले हुई थी शादी, दो बच्चे हैं

स्थानीय लोगों के अनुसार, गौतम कुमार और श्वेता कुमारी की शादी करीब 15 वर्ष पहले हुई थी। दंपती के एक बेटा और एक बेटी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।

एसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

घटना की सूचना मिलने के बाद खगड़िया एसपी शैलेन्द्र सिंह ने शनिवार को घटनास्थल का निरीक्षण किया। उनके साथ गोगरी एसडीपीओ चंदन कुमार ठाकुर और भरतखंड थानाध्यक्ष सावित्री कुमारी समेत पुलिस टीम मौजूद रही। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा और गोली का पिलेट बरामद किया है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।

अवैध हथियार के इस्तेमाल की आशंका

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में वारदात में अवैध हथियार के इस्तेमाल की बात सामने आई है। आरोपी गौतम कुमार की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम को लगाया गया है। पुलिस पारिवारिक विवाद समेत सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

छठ जैसे पवित्र पर्व के दौरान हुई इस घटना से गांव में शोक का माहौल है। मां की मौत और पिता के फरार होने से दोनों बच्चे गहरे सदमे में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *