पटना में नितिन नवीन और मिथिलेश तिवारी के आवास पर खरना का आयोजन, राज्यपाल और मुख्यमंत्री समेत कई दिग्गजों ने ग्रहण किया प्रसाद

छठ महापर्व पर नेताओं के आवास पर दिखी आस्था की झलक, 36 घंटे के निर्जला व्रत की हुई शुरुआत

पटना। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर राजधानी पटना में शनिवार को श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। महापर्व के दूसरे दिन खरना के अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के आवास पर विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। इस दौरान राज्यपाल, मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री समेत कई राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की प्रमुख हस्तियों ने पहुंचकर खरना का प्रसाद ग्रहण किया।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के टेलर रोड स्थित आवास पर पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ खरना का अनुष्ठान संपन्न हुआ। यहां बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान सहित कई गणमान्य अतिथि पहुंचे। सभी ने पूजा के बाद प्रसाद ग्रहण किया।

इस अवसर पर नितिन नवीन ने कहा कि छठ महापर्व के प्रति युवा पीढ़ी का बढ़ता जुड़ाव उत्साहजनक है। उन्होंने कहा कि बिहार के युवा रोजगार और शिक्षा के सिलसिले में दुनिया के अलग-अलग देशों और शहरों में रहते हैं, लेकिन अपनी सांस्कृतिक जड़ों और परंपराओं को नहीं भूले हैं। यही कारण है कि अब विदेशों में भी छठ महापर्व श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है।

मिथिलेश तिवारी के आवास पर भी जुटे नेता

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के आवास पर भी खरना को लेकर विशेष आयोजन किया गया। उनकी पत्नी छठ व्रत कर रही हैं। इस अवसर पर राज्यपाल सैयद अता हसनैन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाइगर और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार समेत कई नेता पहुंचे। शिक्षा मंत्री ने अतिथियों का स्वागत किया और स्वयं अपने हाथों से खरना का प्रसाद वितरित किया।

मिथिलेश तिवारी ने छठ को पवित्रता, अनुशासन, सामाजिक समरसता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का महापर्व बताया। उन्होंने छठी मैया से प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

खरना के बाद शुरू हुआ 36 घंटे का निर्जला व्रत

छठ महापर्व के दूसरे दिन खरना का विशेष महत्व है। दिनभर उपवास रखने के बाद व्रती शाम को विधि-विधान से पूजा करते हैं और गुड़ की खीर, रोटी सहित पारंपरिक प्रसाद ग्रहण करते हैं। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही व्रतियों का लगभग 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो जाता है।

रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा, जबकि सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *