सम्राट चौधरी की सख्ती: शंभू गर्ल्स हॉस्टल कांड की जांच में गृह मंत्री एक्शन मोड पर
पटना, 25 जनवरी (TWM News):
पटना स्थित शंभू गर्ल्स हॉस्टल मामले को लेकर गृह मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मामले की जांच को एक्शन मोड में ले लिया है। इस गंभीर घटना को लेकर उन्होंने उच्च स्तरीय जांच टीम (SIT) और शीर्ष पुलिस अधिकारियों को अपने आवास पर बुलाकर पल-पल की रिपोर्ट तलब की है।
गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने जांच दल के साथ हुई बैठक में स्पष्ट रूप से कहा कि इस प्रकरण में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों को जल्द न्याय के कटघरे में लाया जाएगा। उन्होंने डीजीपी, एडीजी-CID, आईजी पटना, एसएसपी तथा SIT टीम से अब तक की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली।
सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को वैज्ञानिक साक्ष्यों पर आधारित निष्पक्ष और तेज़ जांच का निर्देश देते हुए कहा कि हर पहलू की गहन पड़ताल की जाए। सरकार इस संवेदनशील मामले में पारदर्शिता और न्याय सुनिश्चित करने का दावा कर रही है।
इस मामले ने पूरे राज्य में एक बड़े विवाद को जन्म दिया है। छात्रा की मौत के बाद एफएसएल रिपोर्ट में उसके अंडरगारमेंट्स में स्पर्म के संकेत मिलने की बात सामने आई है, जिससे यौन हिंसा की आशंका और भी गहरी हुई है और दो पुलिस अधिकारियों को निलंबित किया गया है।
राजनीतिक दल तथा नागरिक समूह भी मामले की निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, जिससे छात्राओं की सुरक्षा और विश्वास दोनों को बहाल किया जा सके।