समस्तीपुर में पीएम मोदी ने भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर को दी श्रद्धांजलि, तेजस्वी यादव ने साधा एनडीए पर निशाना

समस्तीपुर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बिहार के समस्तीपुर जिले में भारत रत्न से सम्मानित पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी नेता कर्पूरी ठाकुर को नमन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री ने ठाकुर के परिजनों से मुलाकात की और उनके समाजवादी योगदान को याद करते हुए कहा कि कर्पूरी ठाकुर ने सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया था।

पीएम मोदी ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर की नीतियों ने बिहार की सामाजिक संरचना को नई दिशा दी। उन्होंने पिछड़े वर्गों के लिए आरक्षण लागू कर सामाजिक समानता का मार्ग प्रशस्त किया। प्रधानमंत्री ने उनके जीवन को “त्याग और सेवा की मिसाल” बताते हुए कहा कि ऐसे महान नेताओं के आदर्श आज भी देश के मार्गदर्शक हैं।

प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार दोपहर 2 बजे बिहार में दो जनसभाओं को संबोधित करेंगे—पहली समस्तीपुर में और दूसरी बेगूसराय में। चुनावी माहौल के बीच प्रधानमंत्री की यह यात्रा राजनीतिक रूप से अहम मानी जा रही है।

इधर, दूसरी ओर विपक्ष ने सरकार पर हमला तेज कर दिया है। राजद नेता तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को एनडीए सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि बिहार में अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर है। पटना में पत्रकारों से बात करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा, “हम टूटी-फूटी या झूठी बातें नहीं करते। जो कहते हैं, वो करते हैं। अगर मैं मुख्यमंत्री बना, तो बिहार का हर नागरिक खुद को मुख्यमंत्री महसूस करेगा। हम बिहार को अपराध और भ्रष्टाचार से मुक्त करेंगे।”

तेजस्वी ने नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब पूरे प्रदेश में घोटाले हो रहे हैं और कार्रवाई नहीं की जा रही, वही असली जंगलराज है। उन्होंने आरोप लगाया कि “प्रधानमंत्री खुद 55 घोटालों की बात कर चुके हैं, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। हर दिन गोलीबारी, हत्या, लूट, बलात्कार, अपहरण की घटनाएं हो रही हैं।”

राजद नेता ने यह भी दावा किया कि “देश के शीर्ष पांच अपराधग्रस्त राज्य भाजपा शासित हैं — उत्तर प्रदेश पहले नंबर पर और बिहार दूसरे पर है।”

बिहार में चुनावी सरगर्मी के बीच एक ओर जहां प्रधानमंत्री मोदी ने समाजवादी नेता को श्रद्धांजलि दी, वहीं दूसरी ओर विपक्ष ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को घेरने की पूरी कोशिश की।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *