सऊदी अरब में दर्दनाक हादसा: उमरा तीर्थयात्रियों से भरी बस टैंकर से टकराई, 42 भारतीयों की मौत की आशंका
हैदराबाद/रियाद। सऊदी अरब में सोमवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में भारत के लगभग 42 उमरा यात्री मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह बस मक्का से मदीना की ओर जा रही थी, जब मुफरिहात इलाके के पास इसकी जोरदार टक्कर एक डीज़ल टैंकर से हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार कई यात्रियों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि कई गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय आपदा राहत दल और सुरक्षा एजेंसियां घटनास्थल पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में मृतकों की सटीक संख्या और उनकी पहचान की प्रक्रिया जारी है।
तेलंगाना सरकार सक्रिय, हेल्पलाइन नंबर जारी
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मुख्य सचिव के. रामकृष्ण राव और डीजीपी बी. शिवाधर रेड्डी को तुरंत तथ्य जुटाने के निर्देश दिए। राज्य सरकार ने विदेश मंत्रालय (MEA) और सऊदी अधिकारियों के साथ समन्वय शुरू कर दिया है ताकि पीड़ित परिवारों को सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
तेलंगाना सचिवालय में एक नियंत्रण कक्ष भी सक्रिय किया गया है, जहां परिजन नीचे दिए गए हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:
79979 59754, 99129 19545
ओवैसी ने जताई संवेदना, केंद्र सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग
हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि उन्होंने शहर की दो ट्रैवल एजेंसियों से संपर्क कर यात्रियों की सूची भारतीय दूतावास को भेज दी है। साथ ही भारतीय दूतावास के डिप्टी चीफ ऑफ मिशन अबू मैथेन जॉर्ज से भी वार्ता की, जिन्होंने जानकारी संकलित होने के बाद जल्द अपडेट देने का आश्वासन दिया है।
ओवैसी ने केंद्र सरकार और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से अपील की है कि मृतकों के शवों को जल्द भारत लाने की व्यवस्था की जाए और घायलों को उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
हादसे का कारण और मृतकों की आधिकारिक संख्या को लेकर जांच जारी है। सऊदी प्रशासन, भारतीय दूतावास और तेलंगाना सरकार मिलकर राहत कार्यों का समन्वय कर रहे हैं। पीड़ित परिवारों को जल्द विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने की बात कही जा रही है।