श्री वेंकटेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ में मचा भगदड़, 10 की मौत, कई घायल
मुख्यमंत्री ने जताया शोक, हादसे की जांच के आदेश
श्रीकाकुलम (आंध्र प्रदेश), शनिवार: आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले स्थित काशीबुग्गा के प्रसिद्ध श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में एक भयावह हादसा उस वक्त घटा जब एकादशी के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। अत्यधिक भीड़ और अफरातफरी के बीच मची भगदड़ में अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य घायल हैं। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज़ कर दिए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तड़के से ही हजारों की संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचने लगे थे। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, मंदिर परिसर और मुख्य द्वार पर भारी भीड़ जमा हो गई। बताया जा रहा है कि दर्शन के लिए आगे बढ़ने की कोशिश में अचानक धक्का-मुक्की शुरू हुई, जिससे भगदड़ की स्थिति बन गई। कई लोग जमीन पर गिर पड़े और दम घुटने से उनकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और आपदा राहत दल मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
राज्य के कृषि मंत्री के. अच्चननायडु घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि प्रशासन पूरी तत्परता से काम कर रहा है ताकि किसी और जान का नुकसान न हो।
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडु ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “काशीबुग्गा में वेंकटेश्वर मंदिर में हुई भगदड़ की घटना अत्यंत दुखद है। श्रद्धालुओं की मृत्यु हृदयविदारक है। मैंने अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता देने के निर्देश दिए हैं।”
मुख्यमंत्री ने इस हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश भी दिए हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि भीड़ नियंत्रण में कहां चूक हुई।
इस बीच, स्थानीय लोग भी प्रशासन की मदद में जुट गए हैं। पुलिस ने मंदिर क्षेत्र को सील कर दिया है और मौके पर जांच दल काम कर रहा है।
अधिकारियों का कहना है कि इस बार एकादशी पर सामान्य से कहीं अधिक श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे थे, जिसके कारण व्यवस्था बिगड़ गई। राहतकर्मी अभी भी घटनास्थल पर मौजूद हैं और स्थिति पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।