स्पोर्ट्स मेनिया 2025: एस.आर. शिक्षा सम्राट स्कूल में वार्षिक खेलकूद समारोह का रंगारंग आगाज़
सिमराही नगर पंचायत स्थित एस.आर. शिक्षा सम्राट स्कूल में वार्षिक खेलकूद समारोह स्पोर्ट्स मेनिया 2025 का भव्य आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर प्रणव जायसवाल, विद्यालय के चेयरमैन महादेव मेहता, प्रबंध निदेशिका अल्पना मेहता और वार्ड 08 प्रतिनिधि रिंकू भगत ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इसके बाद हाउस परेड टीमों ने अनुशासित मार्च-पास्ट के साथ अतिथियों को गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया।
इस वर्ष समारोह में अलग-अलग वर्गों के लिए विविध खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें कुल 378 छात्रों ने उत्साहपूर्वक अपनी सहभागिता दर्ज कराई। प्रतिभागियों में से 200 से अधिक छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मेडल, ट्रॉफी और शील्ड अपने नाम किए।
सीनियर सेक्शन में कबड्डी, वॉलीबॉल, क्रिकेट, टग ऑफ वॉर, स्लो साइकिल, लांग जंप, चेस, कैरम और रबिक क्यूब जैसे प्रतिस्पर्धी खेल आयोजित किए गए, वहीं जूनियर सेक्शन में स्पून मार्बल, जलेबी रेस, सैक रेस और म्यूजिकल चेयर जैसी रोचक प्रतियोगिताएँ आकर्षण का केंद्र रहीं।
![]()
टीम आधारित खेलों में विजेता सीनियर, जूनियर और गर्ल्स टीमों को ट्रॉफी और शील्ड प्रदान की गई, जबकि व्यक्तिगत प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः स्वर्ण, रजत और कांस्य पदकों से सम्मानित किया गया।
विद्यालय के एडमिनिस्ट्रेटिव डायरेक्टर एवं प्राचार्य किसलय रवि ने अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और स्टाफ सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जीत या हार सफलता का अंतिम मानक नहीं, बल्कि भागीदारी, अनुशासन और निरंतर प्रयास ही असली उपलब्धि है। उन्होंने मेडल से चूकने वाले छात्रों का मनोबल बढ़ाते हुए दोबारा प्रयास करने की प्रेरणा दी।
![]()
कार्यक्रम को सफल बनाने में गौरव कुमार, आनंद मोहन, सुमन झा, सुबंती लामा, प्रतीका ठाकुर, रमेश मुखिया और सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विद्यालय प्रशासन ने सभी छात्रों की सहभागिता को सराहते हुए अगले वर्ष और भव्य आयोजन का भरोसा दिलाया।