भारत–नेपाल दिव्यांग टी-20 सीरीज़ के लिए बिहार के दो खिलाड़ियों का चयन
धर्मेंद्र कुमार व जितेंद्र कुमार यादव अंतरराष्ट्रीय मंच पर करेंगे प्रतिनिधित्व

पटना। रांची में 13 से 15 दिसंबर तक आयोजित होने वाली भारत–नेपाल द्विपक्षीय दिव्यांग टी-20 क्रिकेट सीरीज़ के लिए भारतीय टीम की घोषणा हो गई है। चयनित 17 खिलाड़ियों की सूची में बिहार के धर्मेंद्र कुमार और जितेंद्र कुमार यादव का नाम शामिल होने से राज्य के खेल जगत में उत्साह और गर्व की लहर दौड़ गई है। टीम चयन का आधिकारिक पत्र दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया द्वारा जारी किया गया है।

धर्मेंद्र कुमार इससे पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन कर चुके हैं और भारतीय टीम के अनुभवशील खिलाड़ी माने जाते हैं। वहीं, जितेंद्र कुमार यादव पहली बार भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम में स्थान बनाकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदार्पण करने जा रहे हैं।

एसोसिएशन ने जताया गर्व, दी शुभकामनाएँ

बिहार दिव्यांग क्रिकेट डेवलपमेंट एसोसिएशन के सचिव उज्ज्वल कुमार सिन्हा ने दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि कड़ी मेहनत और निरंतर लगन के बल पर धर्मेंद्र और जितेंद्र ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत की है। उन्होंने कहा कि जितेंद्र के लिए यह पहला अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट है, और दोनों खिलाड़ी बिहार का नाम रोशन करेंगे।

एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अमितेश कुमार ने भी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि भारतीय टीम में बिहार के दो खिलाड़ियों का चयन राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि दिव्यांग क्रिकेटरों में अपार प्रतिभा है और एसोसिएशन उनके प्रशिक्षण और विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।

13 से 15 दिसंबर तक रांची में होगी तीन मैचों की सीरीज़

भारत और नेपाल के बीच यह तीन टी-20 मैचों की सीरीज़ अमिताभ चौधरी क्रिकेट स्टेडियम, अंगारा (रांची) में खेली जाएगी। पहला मुकाबला 13 दिसंबर, दूसरा 14 दिसंबर और तीसरा एवं अंतिम मैच 15 दिसंबर को निर्धारित है।

राज्य में खुशी का माहौल

धर्मेंद्र और जितेंद्र के चयन से बिहार के दिव्यांग क्रिकेट समुदाय, खेलप्रेमियों और युवा खिलाड़ियों में खुशी की लहर है। कई पूर्व खिलाड़ियों व कोचों ने भी दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

भारतीय टीम के चयनित खिलाड़ी

सुव्रो जोरावर (कप्तान), महंतेश वी. चलुवाड़ी (उपकप्तान), नफ़ीस सिद्दीकी, कैलाश प्रसाद, जमीर पठान, अनवर मुक्तार अंसारी, सजीद करीम तंबोली, विजय कुमार महतो, धर्मेंद्र कुमार, सायेद शाह अज़ीज, आकिब मलिक, राहुल शर्मा, सुराज मानेकेले, मो. शौकत अली, जितेंद्र कुमार यादव, महेशकुमार अगाली और श्याम चकवा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *