एसआर शिक्षा सम्राट स्कूल में धूमधाम से मना दीपावली उत्सव, रंगोली और कंदील सजाकर छात्रों ने दिखाई प्रतिभा

सिमराही। नगर पंचायत सिमराही स्थित एसआर शिक्षा सम्राट स्कूल में दीपावली उत्सव हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपनी कला, कल्पनाशीलता और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान सीनियर वर्ग की छात्राओं ने आकर्षक एवं रंग-बिरंगी रंगोलियां बनाकर सामाजिक और समसामयिक विषयों को जीवंत रूप दिया। रंगोलियों के माध्यम से विविधता में एकता, नारी सशक्तिकरण, पेपर लीक की समस्या और भारत की सांस्कृतिक विविधता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर संदेश दिया गया। वहीं, सीनियर वर्ग के छात्रों ने सुंदर कंदील तैयार किए। जूनियर वर्ग के बच्चों ने साधारण दीयों को आकर्षक ढंग से सजाकर अपनी रचनात्मकता का परिचय दिया। प्री-प्राइमरी के बच्चों के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जबकि कई बच्चों ने पारंपरिक घरौंदे भी बनाए।

इस अवसर पर प्रथम टर्म की परीक्षा में 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को स्मार्ट वाच देकर सम्मानित किया गया।

विद्यालय के चेयरमैन महादेव मेहता ने दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी को अपने भीतर ज्ञान का प्रकाश जागृत करना चाहिए। प्रबंध निदेशिका अल्पना मेहता ने कहा कि यह पर्व सभी के जीवन में नई चेतना और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करे। अकादमिक निदेशक राजा रवि ने कहा कि विद्यालय बच्चों में शैक्षणिक दक्षता के साथ-साथ सृजनशीलता विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं, प्रशासनिक निदेशक सह प्राचार्य किसलय रवि ने कहा कि यह आयोजन महज एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों और शिक्षकों के सामूहिक उल्लास एवं सहभागिता का उत्सव है।

दीपावली उत्सव को सफल बनाने में मनीषा झा, काजल राउत, मौली मोदक, जूली मिश्रा, आस्था कुमारी, गौरव कुमार, रंजीत लामा, कृष्णा गुप्ता, आदर्श लामा, शिवशंकर मेहता, पप्पू मेहता, अर्जुन कुमार, सुधांशु वर्मा, सुमन झा, रमेश मुखिया, शिवशंकर यादव सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *