पटना, 13 दिसंबर।
सेंट जेवियर्स कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी के प्लेसमेंट सेल द्वारा शुक्रवार को “मैनेजमेंट शिक्षा का महत्व” विषय पर एक विशेष सत्र का आयोजन किया गया। यह सत्र बीबीए, बीबीए-आईबी और बीकॉम के अंतिम वर्ष के छात्रों के लिए आयोजित किया गया था। सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में एबीबीएस स्कूल ऑफ मैनेजमेंट, बेंगलुरु के प्रोफेसर और आईक्यूएसी प्रमुख डॉ. क्षितिज शर्मा ने छात्रों को संबोधित किया।

डॉ. शर्मा ने अपने व्याख्यान में मैनेजमेंट शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए बताया कि यह शिक्षा आज के व्यावसायिक क्षेत्र की चुनौतियों का सामना करने वाले कुशल पेशेवरों को तैयार करने में अहम भूमिका निभाती है। उन्होंने स्किल डेवलपमेंट, रणनीतिक सोच और वैश्विक दृष्टिकोण को मैनेजमेंट शिक्षा के प्रमुख घटक बताया।
सत्र के दौरान नेतृत्व क्षमता विकसित करने, नवाचार को प्रोत्साहन देने और उद्योग की आवश्यकताओं के अनुसार खुद को तैयार करने जैसे विषयों पर चर्चा हुई। डॉ. शर्मा ने अपने अनुभवों के माध्यम से छात्रों को प्रेरित किया और प्रबंधन के विभिन्न क्षेत्रों जैसे मार्केटिंग, उद्यमिता, बिजनेस एनालिटिक्स और सांस्कृतिक बुद्धिमत्ता पर जानकारी साझा की।

प्लेसमेंट सेल ने इस प्रेरणादायक सत्र के लिए डॉ. शर्मा का आभार व्यक्त किया। सत्र का समापन प्रश्नोत्तर चरण के साथ हुआ, जिसमें छात्रों ने अपनी शंकाओं का समाधान पाया और करियर से जुड़ी बहुमूल्य सलाह प्राप्त की।
रिपोर्ट: निहाल देव दत्ता