पटना
सेंट जेवियर्स कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी, पटना के प्लेसमेंट सेल प्रमुख श्री पीयूष रंजन सहाय ने आज उच्च शिक्षा के लिए होने वाली प्रवेश परीक्षाओं जैसे जीमैट, जीआरई और कैट की तैयारी पर एक विशेष सत्र आयोजित किया। इस सत्र का उद्देश्य छात्रों को स्नातक के बाद उच्च शिक्षा के महत्त्व और करियर में इसके फायदों के बारे में जागरूक करना था।
सत्र की शुरुआत श्री सहाय ने जीमैट (ग्रेजुएट मैनेजमेंट एडमिशन टेस्ट) के ढांचे और इसे एमबीए प्रवेश परीक्षाओं एवं नौकरी में महत्त्वपूर्ण भूमिका के बारे में जानकारी देकर की। उन्होंने इस परीक्षा के विभिन्न पहलुओं जैसे विश्लेषणात्मक लेखन, तार्किक क्षमता, गणितीय योग्यता और मौखिक योग्यता पर विस्तार से चर्चा की। इसके बाद उन्होंने जीआरई (ग्रेजुएट रिकॉर्ड एग्जामिनेशन) के पाठ्यक्रम, परीक्षा प्रारूप और उन कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी, जो जीआरई स्कोर स्वीकार करते हैं। उन्होंने जीमैट और जीआरई के बीच के अंतर को भी स्पष्ट किया।

इसके अतिरिक्त, श्री सहाय ने कैट (कॉमन एडमिशन टेस्ट) की तैयारी के महत्व पर जोर देते हुए इसके “क्यों,” “क्या,” और “कहां” पर विशेष रूप से प्रकाश डाला। उन्होंने भारत में उच्च शिक्षा के विभिन्न विकल्पों, टियर 1, टियर 2, और टियर 3 कॉलेजों के बीच के अंतर और एमबीए तथा पीजीडीएम (पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन मैनेजमेंट) कार्यक्रमों के भिन्नताओं पर भी चर्चा की।
सत्र के अंत में, विभिन्न परीक्षाओं की पात्रता शर्तों पर चर्चा की गई और प्रश्न-उत्तर सत्र के दौरान छात्रों ने श्री सहाय से अपनी शंकाओं का समाधान किया, जिससे उन्हें प्रवेश परीक्षाओं के बारे में और बेहतर समझ मिली।
संपादक
निहाल देव दत्ता