स्वतंत्रता दिवस पर एस.आर. शिक्षा सम्राट स्कूल में तिरंगे के सम्मान संग गूंजे देशभक्ति के स्वर

सिमराही, संवाददाता।
नगर पंचायत सिमराही स्थित एस.आर. शिक्षा सम्राट स्कूल में 79वां स्वतंत्रता दिवस बड़े ही उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। सुबह विद्यालय प्रांगण में चेयरमैन महादेव मेहता ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने अनुशासित परेड कर तिरंगे को सलामी दी और गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया।

ध्वजारोहण के बाद विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों से लेकर वरिष्ठ छात्रों तक ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। नृत्य, गीत, भाषण और नाट्य प्रस्तुति में जहां आज़ादी की गाथाओं का जीवंत चित्रण हुआ, वहीं राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश भी दिया गया। दर्शकों ने बच्चों की देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों की जमकर सराहना की।

इस अवसर पर चेयरमैन महादेव मेहता ने अपने संबोधन में कहा कि आज़ादी का पर्व असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। नई पीढ़ी को उनके आदर्शों को अपनाकर राष्ट्रहित में योगदान देना चाहिए। वहीं, विद्यालय की प्रबंध निदेशक अल्पना मेहता ने छात्राओं को स्वतंत्रता संग्राम की वीरांगनाओं से प्रेरणा लेने का आह्वान करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में स्त्रियों की भूमिका सदैव अहम रही है और आज की बेटियों को भी उसी परंपरा को आगे बढ़ाना है।

 

विद्यालय के प्रशासनिक निदेशक सह प्राचार्य किसलय रवि ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और कार्यक्रम को सफल बनाने वाले सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का संचालन रंजीत लामा, काजल राउत, गौरव कुमार और राकेश मिश्रा ने किया। कार्यक्रम की सफलता में कृष्ण गुप्ता, मनीषा झा, सुबंती लामा, राज श्री, पप्पू कुमार, अर्जुन कुमार, आनंद मोहन, शंकर यादव, सुधांशु वर्मा और सुमन झा सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों का योगदान सराहनीय रहा।

इस मौके पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ अभिभावकगण भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।


 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *