ट्रंप का कड़ा संदेश : रूस के नजदीक तैनात होंगी अमेरिकी परमाणु पनडुब्बियां

रिपोर्ट : अमर शर्मा

वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को बड़ा कदम उठाते हुए दो परमाणु पनडुब्बियों को रूस के नजदीकी क्षेत्रों में तैनात करने का आदेश दिया है। यह फैसला रूस के पूर्व राष्ट्रपति और सुरक्षा परिषद के उपाध्यक्ष दिमित्री मेदवेदेव के बयानों के जवाब में लिया गया है।

ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा, “मैंने दो परमाणु पनडुब्बियों को उचित क्षेत्रों में तैनात करने का निर्देश दिया है, ताकि यदि ये भड़काऊ और गैरजिम्मेदार बयान केवल शब्दों तक सीमित न रहें तो भी अमेरिका तैयार रहे।” उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि शब्दों के गलत मायने निकल सकते हैं और इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं।

दरअसल, हाल के दिनों में ट्रंप और मेदवेदेव के बीच तीखे शब्दों का आदान-प्रदान हुआ है। ट्रंप ने मंगलवार को रूस को अल्टीमेटम देते हुए कहा था कि यूक्रेन में युद्धविराम पर सहमति के लिए रूस के पास केवल दस दिन का समय है, अन्यथा रूस और उसके तेल खरीददारों पर कड़े टैरिफ लगाए जाएंगे।

रूस ने अब तक ट्रंप की इस समयसीमा को मानने के कोई संकेत नहीं दिए हैं। उल्टे, मेदवेदेव ने ट्रंप के बयान को “अल्टीमेटम की राजनीति” करार दिया और उन्हें याद दिलाया कि रूस के पास अब भी सोवियत दौर की परमाणु क्षमता मौजूद है।

मेदवेदेव 2022 में यूक्रेन पर हमले के बाद से लगातार पश्चिमी देशों के खिलाफ कठोर रुख अपनाते रहे हैं। रूस के आलोचक उन्हें “गैरजिम्मेदार आवाज़” बताते हैं, लेकिन कई पश्चिमी राजनयिक मानते हैं कि उनके बयान क्रेमलिन की असली सोच का संकेत हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *