मल्लिकार्जुन खड़गे ने किया नियुक्ति की घोषणा, पार्टी ने पूर्व अध्यक्ष के योगदान को सराहा
नई दिल्ली
कांग्रेस पार्टी ने रविवार को उदय भानु चिब को भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह घोषणा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने की। उदय भानु चिब, जो वर्तमान में IYC के महासचिव थे, ने श्रीनिवास बीवी की जगह ली है।
कांग्रेस की ओर से जारी बयान में कहा गया कि उदय भानु चिब की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। उदय भानु पहले जम्मू-कश्मीर प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष रह चुके हैं और उनके नेतृत्व में संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
पार्टी ने पूर्व अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी के कार्यकाल के दौरान उनके द्वारा किए गए योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में संगठन ने कई अहम उपलब्धियां हासिल कीं।
उदय भानु चिब की नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब पार्टी युवा वर्ग को अपने साथ जोड़ने और संगठन को और मजबूत करने की दिशा में कार्यरत है। पार्टी को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में युवा कांग्रेस नई ऊंचाइयों को छुएगी।