उद्योगपति गोपाल खेमका हत्याकांड में लापरवाही बरतने पर थाना प्रभारी निलंबित
पुलिसिया जांच में लापरवाही पर गांधी मैदान थाना के एसएचओ राजेश कुमार पर गिरी गाज
पटना, 16 जुलाई | संवाददाता
पटना के प्रख्यात उद्योगपति गोपाल खेमका हत्याकांड में पुलिस की जांच को लेकर उठते सवालों के बीच बिहार पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। गांधी मैदान थाना प्रभारी राजेश कुमार को कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।
यह कार्रवाई केंद्रीय रेंज (पटना) के पुलिस महानिरीक्षक जितेंद्र राणा के निर्देश पर की गई। पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्तिकेय के. शर्मा ने इस बाबत जानकारी देते हुए बताया कि थाना प्रभारी की भूमिका हत्याकांड की जांच में संतोषजनक नहीं पाई गई। एसएसपी ने यह भी कहा कि SHO राजेश कुमार अन्य मामलों की तफ्तीश में भी लापरवाही के दोषी पाए गए हैं।
गौरतलब है कि 4 जुलाई की रात करीब 11:40 बजे उद्योगपति गोपाल खेमका की उनके आवास के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना उस समय हुई जब वे अपनी कार से उतर ही रहे थे। बाइक सवार अपराधी ने नजदीक से गोली चलाई और फरार हो गया।
घटना के बाद से पूरे शहर में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें से एक को हत्या में सीधे तौर पर शामिल बताया गया है।
बता दें कि खेमका पूर्व में भारतीय जनता पार्टी से भी जुड़े हुए थे। हैरानी की बात यह है कि इससे सात साल पहले उनके बेटे की भी हत्या की गई थी, उस समय यह वारदात हाजीपुर में हुई थी।
अब एक बार फिर परिवार को इसी तरह की त्रासदी का सामना करना पड़ा है। इस हत्याकांड के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हुए थे, जिस पर यह निलंबन कार्रवाई एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।