23,814 वोट हासिल कर कांग्रेस के मनोज रावत को दी शिकस्त, सीएम धामी ने इसे विकास की जीत बताया

देहरादून। केदारनाथ विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा की उम्मीदवार और राज्य महिला मोर्चा की अध्यक्ष आशा नौटियाल ने 5,622 वोटों से जीत दर्ज की। इस चुनाव में नौटियाल ने 23,814 वोट हासिल किए, जबकि कांग्रेस के मनोज रावत को 18,192 वोट मिले। तीसरे स्थान पर निर्दलीय उम्मीदवार त्रिभुवन सिंह रहे, जिन्हें 9,311 वोट मिले।

यह उपचुनाव भाजपा विधायक शैला रानी रावत के जुलाई में निधन के बाद हुआ था। 20 नवंबर को हुए मतदान में 57.64 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई थी।

आशा नौटियाल के लिए यह सीट कोई नई नहीं है। इससे पहले वे 2002 और 2007 में भी केदारनाथ विधानसभा का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। नौटियाल ने मतगणना के दौरान शुरू से ही बढ़त बनाए रखी और इस जीत से उन्होंने अपने राजनीतिक अनुभव का परिचय दिया।

कांग्रेस को लगातार दूसरी हार
यह उपचुनाव कांग्रेस के लिए निराशाजनक साबित हुआ। 2022 के विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस के उम्मीदवार मनोज रावत तीसरे स्थान पर रहे थे। उस समय भाजपा की शैला रानी रावत ने जीत दर्ज की थी।

सीएम धामी बोले- ‘विकास और सनातन की जीत’
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस जीत को भाजपा के विकास कार्यों और नीतियों की जीत करार दिया। उन्होंने कहा, “यह जीत हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किए गए विकास कार्यों और सनातन संस्कृति की ताकत की प्रतीक है। यह उन लोगों के लिए जवाब है, जो सरकार के खिलाफ झूठ फैलाने में लगे थे।”

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने जताया आभार
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने केदारनाथ की जनता को धन्यवाद देते हुए कहा, “केदारनाथ के मतदाताओं ने कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति को एक बार फिर नकारा है। यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा पर जनता के विश्वास का प्रमाण है।”

भाजपा के इस प्रदर्शन ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उत्तराखंड की जनता विकास और स्थिरता को प्राथमिकता देती है।

रिपोर्ट: अनिरुद्ध नारायण

(मीडिया छात्र, पटना)

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *