वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भूस्खलन, छह श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल
रेसी (जम्मू-कश्मीर), मंगलवार।
माता वैष्णो देवी धाम जाने वाले यात्रियों के लिए मंगलवार का दिन भारी साबित हुआ। त्रिकुटा पर्वत पर स्थित मंदिर की ओर जा रहे पैदल मार्ग पर अचानक हुए भूस्खलन में छह श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 14 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा दोपहर करीब तीन बजे अधक्वारी के पास इंदरप्रस्थ भोजनालय के निकट हुआ, जहां हजारों श्रद्धालु रोजाना विश्राम करते हैं।
लगातार तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश और खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने सुबह ही यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया था। इसके चलते हेलीकॉप्टर और बैटरी कार सेवा पहले ही बंद कर दी गई थी। बावजूद इसके कई श्रद्धालु पैदल यात्रा जारी रखे हुए थे कि अचानक पहाड़ी से मलबा गिर पड़ा और लोग उसकी चपेट में आ गए। मौके पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें राहत-बचाव कार्य में जुटी हैं। घायलों को कटरा और जम्मू के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
जम्मू क्षेत्र में तबाही, कई सड़कें बंद
भारी बारिश से जम्मू संभाग में जनजीवन अस्त-व्यस्त है। जगह-जगह भूस्खलन और जलजमाव से निजी व सरकारी संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचा है। जम्मू-श्रीनगर और बटोटे-डोडा-किश्तवाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात रोक दिया गया है। वहीं, जम्मू-पुंछ राजमार्ग पर भी वाहनों की आवाजाही बाधित है।
सीएम ने लोगों से सतर्क रहने की अपील
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने स्थिति पर चिंता जताते हुए सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है। सीएम कार्यालय ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि लगातार हो रही बारिश से नदियां और नाले खतरे के निशान से ऊपर बह रहे हैं। कई इलाकों में जलभराव और बिजली-पानी की आपूर्ति ठप हो गई है।
सीएम ने कहा कि प्राथमिकता राहत कार्य, जलनिकासी और आवश्यक सेवाओं की बहाली को दी जा रही है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक यात्रा न करें और सतर्क रहें, क्योंकि मौसम विभाग ने 27 अगस्त तक भारी बारिश, भूस्खलन, बादल फटने और फ्लैश फ्लड की चेतावनी जारी की है।