विश्व शिक्षा दिवस पर ज़ेवियर यूनिवर्सिटी में ‘प्रिंसिपल्स कॉन्क्लेव’ का आयोजन
बदलते दौर में नेतृत्व की नई परिभाषा पर शिक्षाविदों ने साझा किए विचार

पटना। विश्व शिक्षा दिवस के अवसर पर ज़ेवियर यूनिवर्सिटी, पटना में सोमवार को “Adaptive and Strategic Leadership in a Changing Landscape” विषय पर प्रिंसिपल्स कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राज्यभर के प्रमुख शिक्षण संस्थानों के प्राचार्य और शिक्षाविद एक मंच पर जुटे और बदलते समय में नेतृत्व की भूमिका पर गहन विमर्श किया।

कार्यक्रम की शुरुआत ज़ेवियर यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर फ़ादर डॉ. मार्टिन पोरस एस.जे. के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा संस्थानों और स्कूलों के बीच सहयोग की भावना को मज़बूत करना आज की सबसे बड़ी ज़रूरत है। तकनीकी बदलाव के इस दौर में शिक्षकों को लगातार सीखने और नवाचार के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने उपस्थित सभी प्राचार्यों को आश्वस्त किया कि विश्वविद्यालय शिक्षण-प्रशिक्षण के हर स्तर पर स्कूलों को अपना सहयोग देता रहेगा।

मुख्य वक्ता के रूप में नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (NIELIT) के निदेशक डॉ. नितिन पुरी ने कहा कि प्रभावी नेतृत्व के लिए करुणा, साहस और प्रतिबद्धता जैसे गुण आवश्यक हैं। उन्होंने कहा, “एक सच्चा नेता वही होता है जो सुनना जानता है—क्योंकि संवाद से ही परिवर्तन की नींव रखी जाती है।”

इसके बाद “How to Make Data-Informed Decisions, Execute Policy-Driven Change, and Plan Long-Term School Strategies” विषय पर पैनल चर्चा हुई। इस सत्र में डॉ. नितिन पुरी (NIELIT), डॉ. मेरी डी’क्रूज़ (सेंट माइकल्स हाई स्कूल), श्रीमती सीमा सिंह (सेंट करेन हाई स्कूल) और श्रीमती वीनीता शर्मा (DAV BSEB) बतौर पैनलिस्ट शामिल रहीं। चर्चा का संचालन ज़ेवियर यूनिवर्सिटी के कंट्रोलर ऑफ एग्ज़ामिनेशन फ़ादर अल्फोंस सेबेस्टियन एस.जे. ने किया।

पैनलिस्टों ने डेटा-आधारित निर्णय, नीतिगत बदलाव और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के समावेश पर अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि डेटा केवल आँकड़ा नहीं, बल्कि हर बच्चे की सीखने की यात्रा का प्रतिबिंब है—इसलिए शिक्षकों को तकनीक के साथ संवेदनशीलता बनाए रखनी चाहिए।

कार्यक्रम के अंत में विचार-विमर्श और अनुभव साझा करने का दौर चला, जिसमें सभी शिक्षाविदों ने शिक्षा जगत में अनुकूलनशील और दूरदर्शी नेतृत्व के निर्माण का संकल्प दोहराया।

– टीडब्ल्यूएम न्यूज़, पटना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *