युवाओं की चमक से जगमगाया ज़ेवियर विश्वविद्यालय का उत्सव ‘XEST 2025’
पटना। ज़ेवियर यूनिवर्सिटी, पटना में शुक्रवार से शुरू हुआ युवा महोत्सव XEST 2025 शहर भर की चर्चाओं का केंद्र बन गया है। रंग, संगीत, नृत्य और साहित्य की बहार से सजा यह आयोजन युवा प्रतिभाओं को मंच देने के साथ-साथ सांस्कृतिक आदान-प्रदान का भी माध्यम बना है।
शुक्रवार को भव्य उद्घाटन समारोह में यूनिवर्सिटी के चांसलर ने स्वागत भाषण दिया, जिसके बाद मेज़बान संस्था के छात्रों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। समारोह के मुख्य अतिथि रहे आधुनिक हिंदी कविता के सशक्त हस्ताक्षर व साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित प्रो. डॉ. अरुण कमल। वे पटना विश्वविद्यालय के अंग्रेज़ी विभाग के प्रतिष्ठित प्रोफेसर रह चुके हैं।

युवा ऊर्जा और हुनर का संगम
दो दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में छात्र-छात्राएं नृत्य, नाटक-नाट्य, गायन, वादन, वाद-विवाद, क्विज़, कविता पाठ, साहित्यिक प्रतियोगिताएं, फोटोग्राफी और फैशन शो जैसी विभिन्न श्रेणियों में प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। हर मंच पर युवा अपने हुनर और रचनात्मकता से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर रहे हैं।

‘सिर्फ उत्सव नहीं, एक मंच है अवसरों का’
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए ज़ेवियर यूनिवर्सिटी, पटना के रजिस्ट्रार फादर डॉ. शैरी जॉर्ज एसजे ने कहा— “XEST 2025 महज़ एक उत्सव नहीं है, बल्कि युवाओं के लिए अपने भीतर छिपी प्रतिभा को पहचानने और उसे दुनिया के सामने लाने का अवसर है। इस आयोजन से सीखने, जुड़ने और आपसी सहयोग की भावना को और मजबूती मिलेगी।”
![]()