केजरीवाल का भाजपा पर बड़ा हमला, बोले पार्टियां तोड़ना लोकतंत्र के लिए खतरा
टीएमसी में टूट का हवाला देकर केंद्र सरकार पर साधा निशाना, सियासी घमासान तेज
रिपोर्ट: अनिरुद्ध नारायण (इंटर्न)
नई दिल्ली/पणजी। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर विपक्षी दलों को तोड़ने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने हाल ही में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में हुई बगावत और टूट का जिक्र करते हुए कहा कि इस तरह की राजनीति लोकतंत्र के लिए नुकसानदायक है।
केजरीवाल ने कहा कि देश में एक खतरनाक प्रवृत्ति देखने को मिल रही है, जहां राजनीतिक दलों को कमजोर करने के लिए उन्हें तोड़ा जा रहा है। उनका इशारा पश्चिम बंगाल में टीएमसी के भीतर उभरे संकट की ओर था, जहां कई सांसदों और नेताओं के बगावती रुख ने सियासी हलचल तेज कर दी है।
उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह केवल एक राज्य तक सीमित मामला नहीं है, बल्कि देशभर में विपक्षी दलों को कमजोर करने की रणनीति के तहत ऐसे कदम उठाए जा रहे हैं। इससे पहले भी आप नेताओं ने आरोप लगाया था कि केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल कर विपक्षी दलों में टूट पैदा की जाती है।
इस दौरान केजरीवाल ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) को लेकर भी टिप्पणी की और उसे “अच्छी पार्टी” बताया। यह संगठन हाल ही में शिक्षा व्यवस्था और NEET-UG 2026 पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर सक्रिय हुआ है।
गौरतलब है कि टीएमसी में हाल के दिनों में बड़े स्तर पर असंतोष देखने को मिला है, जहां कई सांसदों के अलग होने की खबरों ने राष्ट्रीय राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। इस पूरे घटनाक्रम ने केंद्र और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति को और तेज कर दिया है।
फिलहाल, इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी जारी है और आने वाले समय में यह विवाद और गहराने के आसार हैं।