खामेनेई के अंतिम संस्कार में भारत के नेताओं को न्योता, नितिन नबीन और मल्लिकार्जुन खड़गे आमंत्रित

नई दिल्ली, 1 जुलाई (अनिरुद्ध नारायण): ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई के निधन के बाद आयोजित होने वाले राजकीय अंतिम संस्कार समारोह में भारत के कई प्रमुख नेताओं को आमंत्रित किया गया है। इस कड़ी में भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को भी ईरान सरकार की ओर से निमंत्रण भेजा गया है।

जानकारी के अनुसार, खामेनेई का अंतिम संस्कार अगले सप्ताह ईरान में विभिन्न चरणों में संपन्न होगा, जिसमें तेहरान समेत कई प्रमुख शहरों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बताया जा रहा है कि 4 जुलाई को तेहरान में मुख्य समारोह होगा, जबकि अंतिम दफन 9 जुलाई को मशहद में किया जाएगा।

इस महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय आयोजन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद और पवन खेड़ा को भी आमंत्रित किया गया है। वहीं भारत सरकार की ओर से विदेश राज्य मंत्री पाबित्रा मार्गेरिटा और बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन द्वारा आमंत्रित किया गया है, हालांकि उनके व्यक्तिगत रूप से शामिल होने की संभावना कम मानी जा रही है।

गौरतलब है कि अयातुल्लाह अली खामेनेई का निधन फरवरी में अमेरिका-इजरायल हमलों के दौरान हुआ था, जिसके बाद से ईरान में शोक की लहर है। उनके अंतिम संस्कार को लेकर बड़े पैमाने पर तैयारियां की जा रही हैं और इसमें दुनिया भर के नेताओं के शामिल होने की संभावना है।

ईरान ने चीन, रूस, पाकिस्तान और कतर समेत कई देशों के नेताओं को भी इस समारोह में आमंत्रित किया है, जिससे यह आयोजन वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण कूटनीतिक घटना बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *