दरभंगा में आग का तांडव: दो जगह अगलगी से कई दुकानें राख, पांच लोग झुलसे; शादी की खुशियों पर फिरा पानी

हरिचंदा गांव में मोबाइल मिल और एजेंसी में लगी आग, बचने के लिए छत से कूदा युवक; कुशेश्वरस्थान बाजार में भी तीन दुकानें जलकर खाक

दरभंगा। जिले में सोमवार को अगलगी की दो बड़ी घटनाओं ने कई परिवारों और कारोबारियों को भारी नुकसान पहुंचाया। बिशनपुर थाना क्षेत्र के हरिचंदा गांव में भीषण आग लगने से मोबाइल मिल, ई-रिक्शा एजेंसी और हीरो पार्ट्स की दुकान जलकर राख हो गई। इस हादसे में पांच लोग झुलस गए, जबकि जान बचाने के लिए छत से नीचे कूदने के दौरान एक व्यक्ति का पैर टूट गया। वहीं, कुशेश्वरस्थान बाजार में भी आग की चपेट में आने से तीन दुकानें पूरी तरह नष्ट हो गईं।

शादी की तैयारियों का सामान भी जला

हरिचंदा गांव में जगदीश शाह की दुकानों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। हादसे में जगदीश शाह, सर्वोपरि देवी, नंदन शाह, रमेश शाह और चांदनी देवी झुलस गए। सभी घायलों को इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) में भर्ती कराया गया है। आग से बचने के लिए रमेश शाह छत से नीचे कूद गए, जिससे उनका पैर टूट गया।

इस घटना ने परिवार की खुशियों को भी गहरे सदमे में बदल दिया। जगदीश शाह के बेटे हीरालाल शाह की शादी 30 नवंबर को निर्धारित थी। शादी के लिए घर में खरीदे गए सामान, दुल्हन को देने के लिए रखे गए गहने और अन्य जरूरी वस्तुएं भी आग की भेंट चढ़ गईं। पीड़ित परिवार के अनुसार, इस घटना में करीब 20 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।

कुशेश्वरस्थान बाजार में तीन दुकानें स्वाहा

अगलगी की दूसरी घटना कुशेश्वरस्थान बाजार में हुई। यहां दो फर्नीचर दुकानों और एक मोबाइल दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने दुकानों में रखे फर्नीचर, मोबाइल और अन्य सामान को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है। हालांकि, यहां किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

आग लगने के कारणों की जांच जारी

जिले में हुई दोनों घटनाओं के बाद प्रभावित परिवारों और दुकानदारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *