दिल्ली के पास दबोचा गया बांग्लादेश से संचालित आतंकी मॉड्यूल का हैंडलर
नई दिल्ली, संवाददाता:
राष्ट्रीय राजधानी के पास सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बांग्लादेश से संचालित आतंकी मॉड्यूल के मुख्य हैंडलर को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) से जुड़े शब्बीर अहमद लोन के रूप में हुई है, जो भारत में सक्रिय आतंकी नेटवर्क को संचालित कर रहा था। बताया जा रहा है कि वह बांग्लादेश में बैठकर भारत में आतंकी गतिविधियों को निर्देशित कर रहा था और कई राज्यों में फैले मॉड्यूल से लगातार संपर्क में था।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, यह वही नेटवर्क है जिसे हाल ही में देश के विभिन्न हिस्सों में छापेमारी कर ध्वस्त किया गया था। इस मॉड्यूल में शामिल कई आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें अधिकांश बांग्लादेशी नागरिक शामिल थे, जो फर्जी पहचान पत्र के जरिए भारत में रह रहे थे।
फिलहाल, आरोपी से पूछताछ जारी है और उससे जुड़े अन्य नेटवर्क व साजिशों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।