दिवाली-छठ पर घर लौटने वालों को सम्राट सरकार का तोहफा, दिल्ली समेत 5 राज्यों से चलेंगी स्पेशल बसें; किराये में मिलेगी सब्सिडी

पटना। दिवाली और छठ महापर्व पर बिहार आने वाले प्रवासी मजदूरों, नौकरीपेशा लोगों और छात्रों के लिए राहत की खबर है। त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) दिल्ली समेत पांच राज्यों से बिहार के विभिन्न शहरों के लिए फेस्टिवल स्पेशल बसों का परिचालन करेगा। खास बात यह है कि इन बसों के किराये पर राज्य सरकार सब्सिडी भी देगी, जिससे यात्रियों को कम खर्च में घर पहुंचने की सुविधा मिलेगी।

परिवहन विभाग के अनुसार, ये विशेष बसें 5 नवंबर से 20 नवंबर तक चलाई जाएंगी। दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और झारखंड के विभिन्न शहरों से पटना समेत बिहार के अलग-अलग जिलों के लिए बसें उपलब्ध होंगी। बसों के रूट और समय-सारिणी की विस्तृत जानकारी परिवहन विभाग जल्द जारी करेगा।

1 नवंबर से शुरू होगी ऑनलाइन टिकट बुकिंग

परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने गुरुवार को पटना के फुलवारीशरीफ में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सभी स्पेशल बसें एसी और डीलक्स श्रेणी की होंगी। यात्री 1 नवंबर से बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन टिकट बुक कर सकेंगे।

पटना से दिल्ली का किराया हुआ निर्धारित

सरकार की ओर से सब्सिडी देने के बाद पटना से दिल्ली के लिए बसों का किराया निर्धारित किया गया है।

बस की श्रेणी किराया
नॉन एसी सीटर ₹1,182
नॉन एसी स्लीपर ₹1,483
एसी सीटर ₹1,318
एसी स्लीपर ₹1,935

ट्रेन की भीड़ और महंगे टिकट से मिलेगी राहत

दिवाली और छठ के दौरान दिल्ली समेत दूसरे राज्यों में रहने वाले बिहार के लाखों लोग अपने घर लौटते हैं। इस दौरान ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट और कन्फर्म टिकट की मारामारी रहती है। वहीं, निजी बस संचालकों की ओर से भी त्योहारों के समय अधिक किराया वसूले जाने की शिकायतें सामने आती हैं।

ऐसे में सरकारी बसों में सब्सिडी मिलने से मध्यमवर्गीय और निम्न आय वर्ग के यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। सरकार की इस पहल का उद्देश्य त्योहारों के दौरान यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और किफायती परिवहन उपलब्ध कराना है।

पिछले साल भी बिहार सरकार ने त्योहारों के अवसर पर सब्सिडी वाली विशेष बसें चलाई थीं। इस बार भी उसी व्यवस्था को आगे बढ़ाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *