दीपावली से पहले केंद्रीय कर्मचारियों को बड़ा तोहफा! DA में 3% बढ़ोतरी, अब 63% हुआ महंगाई भत्ता

नई दिल्ली। दीपावली से ठीक पहले केंद्र सरकार ने लाखों केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को बड़ी राहत दी है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी। इसके साथ ही DA और DR की दर 60 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो गई है।

1 जुलाई 2026 से मिलेगा लाभ

सरकार की ओर से मंजूर यह बढ़ोतरी 1 जुलाई 2026 से प्रभावी मानी जाएगी। यानी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को जुलाई से बढ़ी हुई दर के आधार पर लाभ मिलेगा। इससे पिछले महीनों का बकाया भी मिलने की उम्मीद है।

करीब 1.17 करोड़ लोगों को फायदा

DA और DR में बढ़ोतरी से करीब 48.54 लाख केंद्रीय कर्मचारी और 68.71 लाख पेंशनभोगी लाभान्वित होंगे। सरकार के इस फैसले से महंगाई के बीच कर्मचारियों और पेंशनरों की आय में अतिरिक्त राहत मिलेगी।

सरकारी खजाने पर पड़ेगा ₹10 हजार करोड़ से ज्यादा का बोझ

3 प्रतिशत DA-DR बढ़ोतरी से केंद्र सरकार के खजाने पर करीब ₹10,016.10 करोड़ का अतिरिक्त वार्षिक वित्तीय भार पड़ेगा। यह बढ़ोतरी 7वें केंद्रीय वेतन आयोग की सिफारिशों पर आधारित स्वीकृत फॉर्मूले के तहत की गई है।

कर्मचारियों के लिए क्या बदलेगा?

महंगाई भत्ता कर्मचारियों के मूल वेतन के आधार पर मिलता है। वहीं पेंशनभोगियों को इसी तरह महंगाई राहत का लाभ मिलता है। DA की दर 60 से बढ़कर 63 प्रतिशत होने से मूल वेतन जितना अधिक होगा, बढ़ोतरी का मासिक लाभ भी उसी अनुपात में बढ़ेगा।

TWM News | नई दिल्ली

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *