नालंदा में शराब तस्करों का दुस्साहस, पुलिस टीम पर फायरिंग; सिपाही अजीत कुमार की मौत

नालंदा। बिहार के नालंदा जिले में शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करने गई उत्पाद विभाग की टीम पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से उत्पाद विभाग के सिपाही अजीत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। पावापुरी में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पटना रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस और उत्पाद विभाग की टीमें हमलावरों की तलाश में जुटी हैं।

शराब लदी पिकअप का पीछा कर रही थी टीम

उत्पाद अधीक्षक संजय कुमार चौधरी के अनुसार, पटना मुख्यालय की एक्साइज इंटेलिजेंस ब्यूरो (EIB) को सूचना मिली थी कि झारखंड से शराब की बड़ी खेप पिकअप वाहन के जरिए नालंदा लाई जा रही है। सूचना के आधार पर EIB की टीम ने राजगीर उत्पाद विभाग के अधिकारियों और स्थानीय टीम के साथ संदिग्ध वाहन का पीछा शुरू किया।

बताया गया कि पिकअप नवादा के खराट मोड़ से होते हुए नालंदा की ओर बढ़ रही थी। टीम पिकअप को रोककर उसकी जांच और शराब की खेप बरामद करने की कोशिश कर रही थी।

फ्लाईओवर के पास अचानक हुई फायरिंग

पावापुरी-गिरियक इलाके में हाईवे पर फ्लाईओवर के समीप टीम ने पिकअप को घेरने की कोशिश की। इसी दौरान तस्करों के लिए कथित तौर पर रेकी कर रहे एक लाइनर ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। गोली सिपाही अजीत कुमार को लगी और वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े।

फायरिंग के बाद मची अफरा-तफरी का फायदा उठाकर आरोपी पिकअप वाहन समेत मौके से फरार हो गए।

पावापुरी के बाद पटना किया गया रेफर

घायल सिपाही को तत्काल भगवान महावीर आयुर्विज्ञान संस्थान, पावापुरी ले जाया गया। उनकी हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। पीएमसीएच में उपचार के दौरान अजीत कुमार ने दम तोड़ दिया। फिलहाल पटना में उनके शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

आरोपियों की तलाश में छापेमारी

घटना के बाद उत्पाद विभाग और जिला पुलिस की संयुक्त टीमें आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस फरार शराब तस्करों और कथित लाइनर की तलाश में जुटी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *