नोएडा की हाई-राइज सोसाइटी में भीषण आग, 21वीं मंजिल पर मचा हड़कंप; 6 दमकल गाड़ियां मौके पर
By अनिरुद्ध नारायण, इंटर्न
नोएडा:
उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित सेक्टर-119 की अरण्या सोसाइटी में सोमवार सुबह एक ऊंची इमारत की 21वीं मंजिल पर भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 6 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम तत्काल शुरू किया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग एक फ्लैट में लगी, जिसके पीछे एसी में ब्लास्ट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग लगने के सटीक कारणों की जांच अभी जारी है।
घटना के समय सोसाइटी में रहने वाले लोगों के बीच दहशत फैल गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि अब तक किसी के फंसे होने या हताहत होने की सूचना नहीं है। दमकलकर्मी और प्रशासनिक टीमें मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर काबू पाने में जुटी रहीं।
इस घटना का संज्ञान लेते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने अधिकारियों को त्वरित राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन को सतर्क रहते हुए प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा गया है।
फिलहाल आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं।