पेपर लीक पर सड़कों पर उतरा यूथ कांग्रेस, दिल्ली में मशाल जुलूस से केंद्र सरकार पर साधा निशाना

संवाददाता: अनिरुद्ध नारायण (इंटर्न)

नई दिल्ली: देशभर में बार-बार हो रहे परीक्षा पेपर लीक मामलों के खिलाफ भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) ने राजधानी दिल्ली में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने मशाल जुलूस (टॉर्चलाइट मार्च) निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश जाहिर किया।

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और हाथों में मशाल लेकर नारेबाजी की। उनका आरोप था कि लगातार हो रहे पेपर लीक ने छात्रों के भविष्य को खतरे में डाल दिया है और परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

युवा कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और छात्रों का भरोसा टूट रहा है। प्रदर्शनकारियों ने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पारदर्शी जांच की मांग की।

जानकारी के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने मार्च निकालते हुए शिक्षा मंत्री के खिलाफ भी नाराजगी जताई और कई जगहों पर पुलिस द्वारा उन्हें रोकने की कोशिश की गई। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया गया।

युवा कांग्रेस का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में कई बड़ी परीक्षाओं के पेपर लीक होने की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे छात्रों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *