पेपर लीक पर सियासी घमासान: केजरीवाल ने किया देशव्यापी प्रदर्शन का आह्वान
अनिरुद्ध नारायण, इंटर्न

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक Arvind Kejriwal ने परीक्षा पेपर लीक के मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है और देशभर में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन की अपील की है। उन्होंने छात्रों और युवाओं, विशेषकर जेन-ज़ी से सड़कों पर उतरकर जवाबदेही सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

केजरीवाल ने कहा कि बार-बार होने वाले पेपर लीक से छात्रों का भविष्य दांव पर लग गया है और उनकी मेहनत पर पानी फिर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कई वर्षों में ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, जिससे व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

उन्होंने यह भी दावा किया कि 2014 के बाद से दर्जनों पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं, जिनसे करोड़ों छात्र प्रभावित हुए हैं। केजरीवाल ने इन घटनाओं को “छात्रों के साथ सबसे बड़ा विश्वासघात” बताते हुए कहा कि सरकार केवल जांच की बात करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं दिखती।

आप नेता ने छात्रों से अपील करते हुए कहा कि यदि नेपाल और बांग्लादेश जैसे देशों में युवाओं ने बदलाव लाया है, तो भारत में भी युवा वर्ग जवाबदेही तय करा सकता है। उन्होंने केंद्रीय जांच एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए और कहा कि पिछली जांचों में भी अपेक्षित परिणाम नहीं मिले।

गौरतलब है कि हाल ही में मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 को पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द कर दिया गया था, जिसके बाद देशभर में छात्रों के बीच आक्रोश देखा गया। इसी पृष्ठभूमि में केजरीवाल का यह बयान राजनीतिक और शैक्षणिक हलकों में नई बहस को जन्म दे रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *