प्रभात खबर में उज्ज्वल सिन्हा की नई पारी, स्पोर्ट्स टीम की कमान संभाली
अनुभवी खेल पत्रकार को सौंपी गई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी, कई बड़े मीडिया संस्थानों में दे चुके हैं सेवाएं
रिपोर्ट: अनिरुद्ध नारायण, इंटर्न (BAJMC)
पटना/रांची:
हिंदी दैनिक प्रभात खबर में एक अहम नियुक्ति की खबर सामने आई है। वरिष्ठ खेल पत्रकार उज्ज्वल सिन्हा ने संस्थान में स्पोर्ट्स टीम लीड के रूप में नई जिम्मेदारी संभाल ली है।
उज्ज्वल सिन्हा खेल पत्रकारिता के क्षेत्र में एक जाना-पहचाना नाम हैं और उन्हें इस क्षेत्र में लंबे अनुभव का लाभ प्राप्त है। इससे पहले वे नवभारत, जनसत्ता और इंडिया टुडे जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
नई जिम्मेदारी को लेकर उज्ज्वल सिन्हा ने कहा कि वे खिलाड़ियों, कोचों और खेल जगत से जुड़े लोगों की प्रेरणादायक कहानियों और उपलब्धियों को व्यापक मंच देने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे। साथ ही उन्होंने खेल जगत के विभिन्न हितधारकों से संवाद बनाए रखने की बात भी कही।
उल्लेखनीय है कि प्रभात खबर देश के प्रमुख हिंदी समाचार पत्रों में शामिल है, जिसकी शुरुआत 1984 में हुई थी और यह बिहार, झारखंड तथा पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों में प्रकाशित होता है।
खेल पत्रकारिता में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें राज्य स्तर पर सम्मान भी मिल चुका है। अब प्रभात खबर में उनकी नई पारी से खेल पत्रकारिता को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।