बंगाल से तमिलनाडु तक 6 सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान, शुभेंदु अधिकारी और विजय की साख दांव पर
नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम और पुडुचेरी की 6 सीटों पर मंगलवार को उपचुनाव के लिए मतदान हो रहा है। मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ और शाम 5 बजे तक चलेगा। इन उपचुनावों को हालिया विधानसभा चुनावों के बाद प्रमुख राजनीतिक दलों के लिए पहली बड़ी परीक्षा माना जा रहा है।
पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर, तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम, पुडुचेरी की थट्टनचावड़ी विधानसभा सीट और असम की नगांव लोकसभा सीट पर वोट डाले जा रहे हैं। सभी सीटों के नतीजे 9 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।
नंदीग्राम में भाजपा की परीक्षा
पश्चिम बंगाल में नंदीग्राम उपचुनाव मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने नंदीग्राम सीट छोड़कर भवानीपुर सीट बरकरार रखी थी। भाजपा ने यहां हंसीरानी रथ को उम्मीदवार बनाया है। वहीं कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को समर्थन देकर टीएमसी ने मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है।
रेजीनगर में भी बहुकोणीय मुकाबला है। यह सीट हुमायूं कबीर के दूसरी सीट बरकरार रखने के बाद खाली हुई थी। उनके बेटे गुलाम नबी आजाद समेत भाजपा, टीएमसी और वाम दलों के उम्मीदवार मैदान में हैं।
तमिलनाडु में अभिनेता विजय की प्रतिष्ठा दांव पर
तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम सीटों पर मुख्यमंत्री और अभिनेता से नेता बने सी. जोसेफ विजय की पार्टी टीवीके की अग्निपरीक्षा है। दोनों सीटों पर मुकाबला टीवीके, डीएमके और एआईएडीएमके समेत अन्य दलों के बीच है। विजय ने दोनों क्षेत्रों में जोरदार चुनाव प्रचार किया था।
असम और पुडुचेरी में भी मुकाबला
असम की नगांव लोकसभा सीट पर भाजपा, कांग्रेस और एआईयूडीएफ के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। यह सीट कांग्रेस सांसद प्रद्युत बोरदोलोई के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। वहीं पुडुचेरी की थट्टनचावड़ी सीट पर सत्तारूढ़ एनडीए समर्थित उम्मीदवार और विपक्षी दलों के बीच मुकाबला है।
चुनाव आयोग ने सभी छह सीटों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पश्चिम बंगाल की दोनों सीटों पर विशेष रूप से बड़ी संख्या में केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।