बिहार के तेज गेंदबाजों को मिला सम्मान: आकाश दीप और मुकेश कुमार बने DSP
अनिरुद्ध नारायण, इंटर्न
पटना, संवाददाता।
बिहार सरकार ने राज्य का नाम रोशन करने वाले भारतीय क्रिकेट टीम के दो तेज गेंदबाजों—आकाश दीप और मुकेश कुमार—को बड़ा सम्मान देते हुए पुलिस उपाधीक्षक (DSP) पद पर नियुक्त करने का निर्णय लिया है। यह फैसला हाल ही में हुई राज्य कैबिनेट बैठक में लिया गया, जिसमें उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए सीधी नियुक्ति से संबंधित नियमावली 2026 को मंजूरी दी गई।
सरकार के इस फैसले के तहत अब ऐसे खिलाड़ी, जो राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य और देश का प्रतिनिधित्व करते हैं, उन्हें सीधे सरकारी सेवाओं में नियुक्ति का अवसर मिलेगा। इसी नीति के अंतर्गत दोनों क्रिकेटरों को यह प्रतिष्ठित पद प्रदान किया गया है।
राज्य सरकार का मानना है कि इस तरह के कदम से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा और युवा पीढ़ी खेलों के प्रति अधिक प्रेरित होगी। यह पहल खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के साथ-साथ बिहार में खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
खेल जगत से जुड़े लोगों ने भी इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि इससे खिलाड़ियों को सुरक्षा और भविष्य दोनों मिलेंगे, जिससे वे खेल के साथ-साथ अपने करियर को भी सुरक्षित बना सकेंगे।