बिहार के 1.08 करोड़ पेंशनधारियों के खाते में पहुंचे 1,237 करोड़ रुपये, सीएम सम्राट चौधरी ने किया हस्तांतरण
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नवरात्र के अवसर पर राज्य के सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों को राहत देते हुए सितंबर माह की पेंशन राशि जारी कर दी। शनिवार को पटना स्थित लोक सेवक आवास के संकल्प सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 1 करोड़ 8 लाख 36 हजार लाभार्थियों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से कुल 1,237 करोड़ 48 लाख रुपये हस्तांतरित किए गए। प्रत्येक लाभार्थी के खाते में 1,100 रुपये की राशि भेजी गई।
इस योजना का लाभ वृद्धजन, दिव्यांगजन और विधवा महिलाओं सहित अन्य पात्र लाभार्थियों को मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी पात्र व्यक्ति सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में पात्र लाभार्थियों की पहचान सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने पंचायत विकास दिवस और स्वास्थ्य सर्वेक्षण के दौरान भी इस बात की जांच करने को कहा कि योग्य लोगों को पेंशन का लाभ मिल रहा है या नहीं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1,100 रुपये की गई थी। उन्होंने कहा कि हर महीने लगभग 90 हजार से एक लाख नए लाभार्थी इस योजना से जुड़ रहे हैं। सितंबर महीने में भी 93,835 नए लाभार्थियों को योजना से जोड़ा गया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न जिलों के जिलाधिकारी और लाभार्थी भी कार्यक्रम से जुड़े।