बेगूसराय में छापेमारी के दौरान बम विस्फोट, 2 SI समेत 5 पुलिसकर्मी घायल

बेगूसराय, 
बिहार के बेगूसराय जिले में छापेमारी के दौरान हुए बम विस्फोट में 2 सब-इंस्पेक्टर समेत कुल 5 पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम दरभंगा सोना लूटकांड के सिलसिले में नावकोठी थाना क्षेत्र के वृंदावन गांव में छापेमारी करने पहुंची थी। पुलिस को पहले गिरफ्तार आरोपियों दीपक कुमार और संदीप कुमार की निशानदेही पर यहां से भारी मात्रा में सोना-चांदी बरामद हुआ था।

शनिवार को पुलिस एक बार फिर डॉग स्क्वायड के साथ इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही थी। इसी दौरान जब बगीचे में गड्ढा खोदकर तलाशी ली जा रही थी, तभी अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिसकी चपेट में वहां मौजूद पुलिसकर्मी आ गए।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह एक देशी बम था, जो सर्च के दौरान फट गया। विस्फोट में सहायक सब-इंस्पेक्टर विपीन कुमार ओझा, महिला प्रशिक्षु एसआई गुड़िया कुमारी सहित तीन एसटीएफ जवान घायल हो गए। सभी के हाथ, पैर और चेहरे बारूद से झुलस गए हैं।

घायलों को तुरंत सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। पुलिस के अनुसार सभी की स्थिति सामान्य है।

घटना के बाद पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बम वहां कैसे पहुंचा।

(समाचार लिखे जाने तक मामले की जांच जारी है।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *