भारत-जापान संबंधों को नई ऊंचाई देने भारत पहुंचीं जापान की प्रधानमंत्री ताकाइची

अनिरुद्ध नारायण, इंटर्न

नई दिल्ली। जापान की प्रधानमंत्री सानेए ताकाइची तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर भारत पहुंच गई हैं। यह उनका भारत का पहला दौरा है, जिसे दोनों देशों के बीच रणनीतिक और आर्थिक साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

बुधवार को नई दिल्ली पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने उनका स्वागत किया। इस दौरान ताकाइची प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ 16वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगी, जहां दोनों देशों के बीच विभिन्न अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।

सूत्रों के अनुसार, इस दौरे में रक्षा, व्यापार, निवेश, आपूर्ति श्रृंखला, सेमीकंडक्टर, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और ऊर्जा सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर रहेगा। दोनों देश इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में अपनी रणनीतिक साझेदारी को भी मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाएंगे।

भारत और जापान के बीच बढ़ते आर्थिक रिश्तों को ध्यान में रखते हुए, इस यात्रा के दौरान कई बड़े निवेश और समझौते होने की संभावना है। हाल ही में दोनों देशों के बीच एआई, ऊर्जा और रक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने को लेकर अहम समझौते भी हुए हैं, जो इस साझेदारी को नई दिशा दे रहे हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि ताकाइची की यह यात्रा न केवल द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करेगी, बल्कि वैश्विक मंच पर भारत-जापान की साझेदारी को भी और प्रभावी बनाएगी।

यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब दोनों देश आर्थिक सुरक्षा, तकनीकी सहयोग और क्षेत्रीय स्थिरता को लेकर साझा रणनीति पर काम कर रहे हैं, जिससे आने वाले समय में यह साझेदारी और मजबूत होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *