मरीन ड्राइव गोलंबर का नाम रामविलास पासवान के नाम पर रखने की मांग, CM सम्राट चौधरी से मिले LJP नेता
पटना। पटना स्थित जेपी गंगा पथ यानी मरीन ड्राइव के एक गोलंबर का नामकरण पूर्व केंद्रीय मंत्री और दिवंगत नेता रामविलास पासवान के नाम पर करने की मांग उठी है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेताओं ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर इस संबंध में आग्रह किया।
‘पद्म भूषण राम विलास पासवान गोलंबर’ करने का आग्रह
एलजेपी (रामविलास) ने मांग की है कि मरीन ड्राइव के गोलंबर का नाम ‘पद्म भूषण श्रद्धेय राम विलास पासवान गोलंबर’ रखा जाए। पार्टी नेताओं ने वहां रामविलास पासवान की भव्य आदमकद प्रतिमा स्थापित करने का प्रस्ताव भी मुख्यमंत्री के सामने रखा।
अरुण भारती समेत नेताओं ने की मुलाकात
मुख्यमंत्री से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में पार्टी के सांसद और बिहार प्रभारी अरुण भारती, प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक तथा राष्ट्रीय महासचिव एवं राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी धीरेंद्र कुमार मुन्ना शामिल रहे। अरुण भारती ने मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने इस मांग को गंभीरता से सुना है।
‘महत्वपूर्ण स्थल पर मिले स्थायी सम्मान’
पार्टी नेताओं का कहना है कि पटना का मरीन ड्राइव बिहार के विकास, आधुनिकता और बदलती तस्वीर का प्रतीक बन चुका है। ऐसे महत्वपूर्ण स्थल का नाम रामविलास पासवान के नाम पर रखना और उनकी प्रतिमा स्थापित करना उनके योगदान को स्थायी सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।
पांच दशक तक गरीबों और वंचितों की आवाज उठाई
अरुण भारती ने कहा कि रामविलास पासवान ने करीब पांच दशकों तक गरीबों, दलितों और पिछड़ों के अधिकार और सम्मान की लड़ाई लड़ी। पार्टी का कहना है कि मरीन ड्राइव जैसे प्रमुख स्थल पर उनकी स्मृति को स्थापित करना उनके सार्वजनिक जीवन और योगदान के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
सरकार के सकारात्मक फैसले की उम्मीद
एलजेपी (रामविलास) नेताओं ने मुख्यमंत्री के समक्ष मांग रखते हुए उम्मीद जताई कि बिहार सरकार इस प्रस्ताव पर सकारात्मक निर्णय लेगी। फिलहाल गोलंबर के नामकरण और प्रतिमा स्थापित करने की मांग पर सरकार की ओर से कोई अंतिम निर्णय सामने नहीं आया है।